Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनिया मर्डर केस में जल्द हो सकता है फैसला…हिसार से दिल्ली तक ढूंढ रही है पुलिस

हरियाणा के हिसार शहर के सेक्टर-13 में हुई टीचर सोनिया (36) की हत्या के मामले में पुलिस आरोपी के करीब पहुंचती नजर आ रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपी और मृतका का पति सौरभ वारदात के बाद ट्रेन से हिसार से दिल्ली फरार हो गया। उसकी हिसार रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी दिल्ली तक पहुंच चुका है। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

इस बीच हत्या के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। शुरुआती तौर पर मृतका के परिजनों ने इसे घरेलू कलह का मामला बताया है। वहीं यह भी सामने आया है कि आरोपी सौरभ वारदात से पहले कानूनी राय ले रहा था और कोर्ट में वकीलों के संपर्क में था।

डीएसपी किशोरी लाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले के जल्द खुलासे के लिए 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार छापेमारी, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

कैसे हुई वारदात

परिजनों के अनुसार, सोनिया की शादी करीब 10 साल पहले सेक्टर-13 निवासी सौरभ आनंद से हुई थी। दोनों की एक 8 साल की बेटी भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच संबंध ठीक नहीं थे और ससुराल पक्ष द्वारा सोनिया को परेशान किया जाता था।

1 मई को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उसी दिन जब सोनिया ने फोन नहीं उठाया, तो उसका भाई घर पहुंचा। वहां पीछे के कमरे में सोनिया का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

परिजनों के मुताबिक, सोनिया की छाती में नुकीली वस्तु से वार किया गया था और गले पर भी निशान थे। घटना के समय घर में अन्य परिजन भी मौजूद थे।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसके पति, ससुराल के अन्य सदस्यों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Exit mobile version