हरियाणा के नूंह जिले में प्रेमी युगल के अपहरण और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। युवती ने अपने ही परिजनों पर अपहरण, जान से मारने की धमकी और 24 लाख रुपए की जबरन वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से युवक शराफत के साथ रह रही थी। युवती के परिजनों को दोनों का साथ रहना मंजूर नहीं था, जिसके बाद उन्होंने दोनों को लगातार धमकियां देनी शुरू कर दीं।

युवती के मुताबिक 9 नवंबर 2025 को उसे बहाने से नूंह बुलाया गया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने जबरन उसका अपहरण कर लिया। वहीं उसके साथी शराफत को भी पकड़ लिया गया और दोनों को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया।

ऑनर किलिंग की धमकी और 24 लाख की वसूली

युवती का आरोप है कि आरोपियों ने दोनों को जान से मारने और ऑनर किलिंग की धमकी दी। इसके साथ ही शराफत के परिवार पर दबाव बनाकर 24 लाख रुपए की मांग की गई।

डर के माहौल में शराफत के पिता को गांव बघोला में अपनी कृषि भूमि बेचकर 24 लाख रुपए देने पड़े, ताकि उनके बेटे और परिवार को सुरक्षित छोड़ा जा सके।

सामाजिक बहिष्कार की भी दी धमकी

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने दोनों को अलग कराने के लिए फर्जी दस्तावेज और हलफनामा भी तैयार कराया। साथ ही उन्हें सामाजिक बहिष्कार करने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी भी दी गई।

हाईकोर्ट में दायर हुई याचिका

मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस याचिका भी दायर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए। युवती और उसका साथी फिलहाल खुद को असुरक्षित बताते हुए डर के माहौल में रहने की बात कह रहे हैं।

13 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी सुभाष ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!