हरियाणा के गुरुग्राम में एक क्लीनिक संचालक ने रविवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता सोमवार सुबह तब चला, जब वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आया।
परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से लॉक होने के कारण कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो वह बिजली के एक्सटेंशन बोर्ड के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मोबाइल में मिला सुसाइड वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से एक सुसाइड वीडियो मिला है। वीडियो में वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बता रहा है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जयवीर (35) के रूप में हुई है। वह फर्रुखनगर के वार्ड नंबर-12 में रहता था और जमालपुर रोड स्थित डी-कांत होटल के पीछे अपने मकान में जीएस हेल्थ केयर नाम से क्लीनिक चलाता था।
सवा करोड़ के लेनदेन को लेकर था परेशान
परिजनों के अनुसार, जयवीर का अपने साले के साथ करीब सवा करोड़ रुपए का लेनदेन था, जिसे लेकर वह काफी तनाव में था। इस मामले को लेकर परिवार में पंचायत भी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उसकी पत्नी मायके गई हुई थी और पीछे से उसने यह कदम उठा लिया।
