जींद में स्कूल की छुट्टी के बाद स्टाफ बिना जांच किए पहली कक्षा के बच्चे को क्लासरूम में बंद कर घर चला गया। स्कूल के बाहर बच्चे का चाचा लेने के लिए आया हुआ था। करीब 2 घंटे बाद बच्चे का चाचा उसे ढूंढते हुए स्कूल के अंदर गया। बच्चा कमरे के अंदर बंद मिला। इसके बाद बच्चे को बाहर निकाला गया।
आजाद नगर निवासी ईश्वर सिंह ने बताया कि उनका बेटा एसडी कन्या महाविद्यालय में पहली कक्षा में पढ़ता है। सोमवार को छुट्टी के बाद उसका भाई नरेश बच्चे को लेने स्कूल गया था। कुछ देर तक जब बच्चा स्कूल के गेट पर नहीं आया, तो उसने स्कूल के कर्मचारियों से बात की।
स्कूल कर्मचारियों ने कहा कि बच्चे को कोई घर ले गया। नरेश ने कहा कि बच्चे को वह ही लेने के लिए आया है। इसके बाद परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। स्कूल स्टाफ ने भी बच्चे को तलाशा, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
इसके बाद नरेश स्कूल स्टाफ के साथ स्कूल के अंदर गया, उन्होंने बच्चे को आवाज लगाई। तब बच्चे ने अंदर से उनकी आवाज का जवाब दिया। नरेश ने स्टाफ को जल्दी से कमरे का ताला खोलने को कहा। इसके बाद बच्चा बाहर आया। वह पूरी तरह से घबराया हुआ था। बच्चे ने बताया कि वह 2 घंटे से अंदर फंसा हुआ था।
परिवार ने कहा कि इस मामले में ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसा न हो। उन्होंने सोमवार को ही नरवाना शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी
नरवाना शहर थाना के जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि इसकी शिकायत पुलिस के पास आई है। दोनों पक्षों ने 2 दिन का समय मांगा है। फिर से दोनों पक्षों को बुलाया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

