रोहतक जिले के गांव बहू अकबरपुर में एक पिटबुल कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को कई जगह से काट लिया, जिससे बच्चा घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़वाया।
घायल बच्चे की मां रेखा ने बताया कि घर के बाहर बेटा रचित अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। अचानक रवि नामक युवक के पालतु पिटबुल कुत्ते ने बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके बेटे रचित को बुरी तरह से घायल कर दिया। पड़ोसी संजय व अन्य लोगों ने उसके बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़वाया।
घायल की मां रेखा ने बताया कि पिटबुल कुत्ते के मालिक रवि के पास कुत्ता पालने का कोई लाइसेंस नहीं है। साथ ही कुत्ते को कोई इंजेक्शन भी नहीं लगवाया गया था। रवि ने लापरवाही करते हुए कुत्ते को गली में खुला छोड़ दिया, जिसके कारण कुत्ते ने हमला किया।
थाना बहू अकबरपुर के जांच अधिकारी अमित ने बताया कि बच्चे को पिट बुल कुत्ते के काटने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पर पहुंची और डॉक्टर से एम-एलआर प्राप्त की। पुलिस ने पीड़ित बच्चे के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

