Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लखनऊ में भोपाल की ट्विशा शर्मा जैसा मामला, दहेज की भेंट चढ़ गई श्वेता सिंह, 6 माह पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भोपाल की ट्विशा शर्मा जैसा मामला सामने आया है। 29 वर्षीय नवविवाहिता श्वेता सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। श्वेता की शादी छह माह पहले हुई थी। ससुराल में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। मायके वालों ने पुलिस को सबूत सौंपे हैं। पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर, देवर और ननद पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

लखनऊ के ठाकुरगंज के विश्वनगर मल्हाई टोला निवासी श्वेता सिंह की शादी 22 नवंबर 2025 को काशी विहार के रहने वाली शिवम सिंह उर्फ भूपेंद्र सिंह से हुई थी। शिवम पैथोलॉजी चलाता है। परिजनों के अनुसार, शादी वाले दिन ही दूल्हे शिवम सिंह ने दहेज को लेकर बड़ी मांग रख दी थी। मांग पूरी नहीं होने पर श्वेता को उसके रिश्तेदारों से मिलने नहीं दिया जा रहा था। विदाई शांति से संपन्न हो जाए, इसके लिए बुजुर्ग पिता ने दामाद भूपेंद्र के पैर तक पकड़ लिए थे, लेकिन भूपेंद्र की जिद कम नहीं हुई थी।

परिजनों ने बताया कि शादी के दो महीने बाद ही श्वेता के लिए ससुराल का माहौल बदल गया। पिता उमेश कुमार के अनुसार, ससुरालीजन 10 लाख रुपये और स्कॉर्पियो को लेकर श्वेता को प्रताड़ित किया जाने लगा। ननद प्रिया सिंह सोशल मीडिया पर हवा देती थी। ननद प्रिया सिंह के वॉट्सऐप स्टेटस के की स्क्रीनशॉट सामने आए हैं, जिसमें श्वेता के परिवार वालों के लिए सूअर और सूअर खानदान जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।

पिता उमेश सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन हादसे से पहले करीब 2 से ढाई घंटे पहले उनकी बेटी श्वेता से बात हुई थी। एक घंटे पहले बड़ी बेटी से श्वेता की बात हुई थी। उस समय श्वेता की बातचीत से नहीं लगा था कि वह आत्मघाती कदम उठाने जा रही है। रविवार सुबह 11 बजे ससुरालीजन ने फोन करके श्वेता की मौत की जानकारी दी। मायके वाले जब ससुराल पहुंचे तो वह लोग शव को फंदे से उतारकर केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर ले जा चुके थे।

बहन का आरोप है कि 24 मई को मुलाकात के दौरान श्वेता के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे, लेकिन ट्रॉमा सेंटर में शरीर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस परिवार की तहरीर पर पति शिवम सिंह उर्फ भूपेंद्र, ससुर कौशलेंद्र सिंह, सास रचना सिंह, देवर बंटी सिंह और ननद प्रिया सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Exit mobile version