Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में भी भिवानी की मनीषा जैसा कांड ! सड़क किनारे 16-17 साल की किशोरी की बॉडी मिली

हरियाणा के करनाला में बुधवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की का शव पड़ा मिला। मृतका की उम्र करीब 17 साल बताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान करवाने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। डीएसपी का कहना है कि लड़की के सिर में चोट लगी है। मौत की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

इंद्री थाना क्षेत्र के गढ़ी बीरबल-उमरपुर रोड पर सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े शव को देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका ने लाल टीशर्ट और काला लोअर पहना हुआ था। उसके नाक और मुंह से खून बह रहा था। एक आंख आधी खुली हुई थी जबकि दूसरी आंख सूजी हुई दिखाई दे रही थी। बाल बिखरे पड़े थे और चेहरा देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।

सूचना के बाद इंद्री पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी लड़की को पहचान नहीं पाया। अब मृतका की तस्वीरें आसपास के थानों में भेजी जा रही हैं, ताकि पहचान हो सके।

इंद्री थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध की गतिविधि सामने आ सके। साथ ही आसपास के इलाकों में दर्ज लापता लोगों की एफआईआर भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मृतका की पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

गढ़ी बीरबल-उमरपुर रोड पर नाबालिग का शव मिलने के बाद ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। जिस तरीके से लड़की की हत्या की गई है, उसे लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्री के गढ़ी बीरबल पर एक लड़की की डेड बॉडी मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की है, फिलहाल अभी यह कहना मुश्किल है कि लड़की की मौत की वजह क्या है। हालांकि लड़की के सिर पर चोट है। लेकिन किस वजह से है, वह पोस्टमॉर्टम के बाद ही खुलासा हो पाएगा। अभी शव की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल चार टीमों का गठन कर दिया गया है, जिसमें तीनों CIA और थाना पुलिस शामिल है इनके साथ साइबर टीम को भी लगाया गया है, आसपास के गांव में पूछताछ के अलावा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version