Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

तंग गली में अंधाधुंध तरीके से दौड़ाई कार…लोगो ने भागकर बचाई जान

हरियाणा के पानीपत शहर के व्यस्त सुभाष बाजार में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मारुति कार का चालक अचानक बेकाबू होकर गाड़ी को अंधाधुंध दौड़ाने लगा। तंग और भीड़भाड़ वाले बाजार में तेज रफ्तार से घुसी कार ने कई दोपहिया वाहनों और रेहड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। राहगीरों और ग्राहकों ने अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागकर दुकानों में शरण ली। पूरा घटनाक्रम बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें लोग कार से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं।
नशे या मानसिक संतुलन बिगड़ने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार में भारी भीड़ के बावजूद कार चालक ने रफ्तार कम नहीं की और लगातार एक्सीलेटर दबाकर आगे बढ़ता रहा। आशंका जताई जा रही है कि चालक या तो नशे में था या उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था।
तंग गली में फंसी कार, लोगों ने पकड़ा चालक
तेज रफ्तार में कार भगाते हुए चालक आगे एक संकरी गली में पहुंचा, जहां रास्ता संकरा होने के कारण कार फंस गई। इसके बाद मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत कार को घेर लिया। लोगों ने ड्राइवर को बाहर निकालकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ से चालक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। दुकानदारों और वाहन मालिकों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version