Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

निजी बस से हुई कार की टक्कर…हवा में उछल कर रोड पर पलटी गाड़ीदो घायल


पानीपत जिले में सोमवार सुबह दिल्ली रोड पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। समालखा से चंडीगढ़ जा रही एक कार झट्टीपूर के पास तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर लगने से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कार मालिक जीवन हथवाला ने बताया कि उनका दोस्त अपने परिवार के साथ उनकी गाड़ी में चंडीगढ़ जा रहा था। जैसे ही कार झट्टीपूर के पास पहुंची, पीछे से आ रही एक निजी बस ने ओवरटेक करते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हवा में उछलकर दिल्ली रोड पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई अन्य वाहन नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार को सीधा किया और खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों में एक बच्चा और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर हाईवे पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था भी संभाली। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही और गलत तरीके से ओवरटेक करने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version