कुरूक्षेत्र में आज सुबह नेशनल हाईवे पर एक बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इसमें बस के ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए। इनके साथ 2 यात्रियों को भी चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस का कहना है कि बस के ड्राइवर को नींद की झपकी लग गई थी, जिससे यह हादसा हुआ है। बाकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद ट्रक और उसका ड्राइवर फरार हो गए थे। उनकी भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यात्रियों से भरी एक AC बस पंजाब से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए जा रही थी। जब यह बस हरियाणा के कुरूक्षेत्र में शाहाबाद के मोहन पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो एक ट्रक से जा टकराई। यह हादसा आज सुबह करीब पौने पांच बजे नेशनल हाईवे-44 पर हुआ।

हादसा इतना जोरदार था कि बस के आगे का कैबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें बैठे ड्राइवर और कंडक्टर को ज्यादा चोटें आई हैं। वहीं, 2 यात्री भी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल भेज दिया था। वहां से उन्हें छुट्टी दे दी गई है। किसी की जान को खतरा नहीं है।
