Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पलवल में 70वर्षीय बुजुर्ग को हनीट्रैप में फंसाया:बैड पर गिरा बनाई अश्लील वीडियो; 22 लाख हड़पे, 5 बीघा जमीन अपने नाम कराई

पलवल में 70 साल के बुजुर्ग को हनीट्रैप में फंसा लिया गया। उसकी अश्लील वीडियो बनाई। फिर ब्लैकमेल कर 22.55 लाख रुपए हड़प लिए गए। यही नहीं, बुजुर्ग की 5 बीघा जमीन भी हनीट्रैप गैंग ने अपने नाम करवा ली। बेटी को बुजुर्ग पिता के साथ वारदात का पता चला तो उसने पति को बताया। इसके बाद मामला पुलिस की जानकारी में लाया गया। बहीन थाना पुलिस ने बुजुर्ग के दामाद की शिकायत पर 3 महिलाओं सहित 8 के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

बहीन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला मथुरा (यूपी) लालपुर गांव निवासी सिकंदर ने दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी नांगल जाट गांव निवासी बृजलाल (70) की लड़की से हुई है। उसकी पत्नी ने उसे बताया कि नांगल जाट गांव निवासी जगवती, ऊषा व कुछ गांव और कुछ बाहर के लोगों ने उसके पापा को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 9 कनाल 13 मरला जमीन धोखे से अपने नाम करा ली है। 22 लाख 55 हजार रुपए भी हड़प लिये हैं।

शिकायत में दामाद ने कहा कि ससुर बृजलाल अनपढ़ व मंदबुद्धि किस्म के हैं। नांगल जाट गांव निवासी जगवती व उसकी बेटी ऊषा ने उसके ससुर को बहला फुसलाकर बुलाया और बैड पर गिरा कर ऊषा के साथ अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद धमकी दी कि या तो 30 लाख रुपए दे नहीं तो वीडियो को पुलिस को देकर तुझे जेल भिजवा देंगे।

शिकायत में कहा है कि 18 मई को जगवती व ऊषा ने संजीत के द्वारा उसके ससुर को अपने घर बुलाया। जहां पहले से ही चन्द्रा, महेश, तरुण, चेतराम व योगेश नामक महिला-पुरुष पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने उसके ससुर पर झूठे केस में फंसाने का दबाब बनाकर 5 बीघा जमीन अपने नाम करा ली। साथ ही 22 लाख 55 हजार रुपए उनके खाते से चेक द्वारा नकद निकलवा कर हड़प लिए।

शिकायत में सिकंदर ने आरोप लगाया है कि आरोपी महिला जगवती व ऊषा ने उक्त लोगों के साथ मिलकर हनीट्रैप में फंसाने की एक गैंग बनाई हुई है। गैंग ने जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर रुपए ऐंठे हैं। पुलिस इनके द्वारा कराए गए मुकदमों को एफआईआर नंबर देते हुए जांच करने की मांग की है।

पुलिस की जांच में बृजपाल के साथ धोखाधड़ी व रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर नकदी और जमीन हड़पना सही पाया गया है। पुलिस ने धारा 388, 420,120बी व 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इससे पहले जिले में एडिशनल एसपी जसलीन कौर ने एक हनीट्रैप के बड़े मामले का खुलासा किया था। जिसमें एक पुलिस कर्मी सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल उक्त मामले में जांच जारी है, कई आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

Exit mobile version