पानीपत में गोहाना रोड पर एनसीआरटी स्कूल के सामने मां के साथ सड़क पार कर रहे 5 वर्षीय मासूम को फॉर्च्यूनर कार ने टक्कर मार दी। घायल बच्चे को समान्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी जुबैदा से मिली जानकारी के अनुसार उसके पति फिरोज गांव हुगली में रहते हैं, जबकि वह अपने बच्चों के साथ पानीपत में गांव महराना में किराए के मकान में रहती है। वह गोहाना रोड पर एनसीआरटी स्कूल के सामने मदरसे में खाना बनाने का काम करती है। वह अपने बेटे इरफान अली (5) के साथ शुक्रवार सुबह 8 बजे मदरसे में जा रही थी।
जब वह मदरसे के सामने पहुंची और बेटे संग सड़क पार करने लगी तो एक फॉर्च्यूनर कार (HR06AP0002) चालक तेज रफ्तार में आया और सीधा बेटे को टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया । वह बेटे को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला ने बताया कि उसके 4 बच्चे हैं। जिनमें तीन बेटे और एक बेटी है। इरफान तीसरे नंबर का बेटा था।
