Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 4 साल की बच्ची से गलत हरकत! CCTV में 5वीं का छात्र दिखा, रेप की धाराओं में FIR

रोहतक में प्राइवेट प्ले स्कूल की चार साल की छात्रा से बैड टच के मामले में पुलिस ने रेप की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक एसएचओ ने इसकी पुष्टी करते हुए बताया कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर रेडनेस मिली है, जिसके बाद पीजीआई के डॉक्टरों ने एमएलआर काटकर पुलिस को सूचना दी। उधर, इस मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5वीं कक्षा का एक छात्र बच्ची की क्लास में दिखाई दे रहा है। वह बच्ची के पास भी करीब आधा घंटा बैठा रहा। अब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। स्कूल स्टाफ के अलावा वीडियो में दिखाई देने वाले बच्चे से भी पूछताछ करने की तैयारी की है। उधर, पीड़िता बच्ची काफी घबराई हुई है, जिसे देर रात को परिजन डिस्चार्ज करवाकर अपने साथ ले गए। फिलहाल, पुलिस उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है।

बच्ची के पिता के मुताबिक 15 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल बस बच्ची को छोड़कर गई थी। जब बच्ची को लेकर उसकी मां घर गई और कपड़े बदले तो गुप्तांग पर रेडनेस दिखी। इसके बाद बच्ची से काफी पूछताछ की, तो बच्ची ने स्कूल के एक लड़के पर गलत हरकत करने की बात बताई, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। पिता ने आगे बताया कि वह 16 सितंबर को स्कूल में गए और बच्ची द्वारा बताई सारी बात प्रिंसिपल को बताई। प्रिंसिपल ने मामले में टालमटोल की और उनसे कहा कि स्कूल में बच्ची के साथ कुछ नहीं हुआ। वह इस मामले में सीसीटीवी भी चेक करवा लेंगी।

जानकारी के मुताबिक इसी दौरान उनकी बच्ची ने अपनी मां का हाथ पकड़कर शौचालय की तरफ ले गई। बच्ची ने बताया कि स्कूल के एक भैया ने यहां उसके साथ गलत हरकत की है। इसके बाद बच्ची को लेकर वह प्राइवेट अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें बताया कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें यह कहते हुए पीजीआई भेज दिया कि इस तरह के मामले वहीं हैंडिल होते है। पिता के मुताबिक, वे तुरंत ही अपनी बच्ची को लेकर पीजीआई पहुंचे। पीजीआई के डॉक्टरों ने भी कहा कि बच्ची के साथ गलत हुआ है, लेकिन यह ताजा मामला नहीं है, कुछ दिन पहले का है। इतना जरूर है कि बच्ची के साथ गलत काम किया गया है। पीजीआई में जांच के बाद एमएलआर काटकर पुलिस को सूचना दी गई।

बच्ची से गलत काम होने की पुष्टि होते ही परिवार और बड़ी संख्या ग्रामीण 17 सितंबर को स्कूल पहुंच गए। सभी ने स्कूल स्टाफ पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही एसपी भी लाखनमाजरा थाना पुलिस के संग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रिंसिपल और बच्ची की क्लास टीचर से भी बात की। पीड़िता बच्ची के पिता ने बताया कि पुलिस आई तो स्कूल प्रशासन को सीसीटीवी दिखानी पड़ी। सुबह से लेकर शाम तक फुटेज चेक की गई, जिसके बाद एक 5वीं का बच्चा क्लास में बेटी के साथ करीब आधा घंटा बैठा हुआ दिखाई दिया। एसपी ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।

पिता के मुताबिक उनकी बच्ची काफी डरी और सहमी हुई है। पीजीआई में भी वह काफी परेशान हो रही है। डॉक्टर डिस्चार्ज नहीं कर रहे थे, लेकिन एसपी ने जब फोन करके कहा तो डॉक्टरों ने बच्ची को डिस्चार्ज किया है। देर रात को वह बच्ची को लेकर घर गए है। थाना लाखनमाजरा एसएचओ अनिल ने बताया कि पीजीआई के डॉक्टर की ओपिनियन के आधार पर मामले में रेप की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी भी चेक किए है। स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ की जाएगी। मामले में जो भी आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

📍*नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण बच्ची की पहचान से संबंधित कोई जानकारी साझा नहीं की जा रही है*

Exit mobile version