Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिल्ली स्थित घेवरा गांव के 21 वर्षीय बराती की छाती में लगी गोली; रोहतक PGI में उपचाराधीन

हरियाणा में झज्जर स्थित डीघल गांव में शादी समारोह में हुई फायरिंग में एक युवक की छाती में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को रोहतक PGI में भर्ती कराया गया। दुजाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, डीघल गांव के डाल्याण पाना निवासी जगवीर की लड़की की शादी के लिए दिल्ली के घेवरा से बारात आई थी। रविवार रात पौने 10 बजे बारात में शामिल एक युवक ने जयमाला के समय बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली बगल में खड़े घेवरा निवासी जतिन (21) पुत्र जतिन राणा की छाती में लग गई।

वारदात की सूचना मिलते ही दुजाना थाना प्रभारी शेर सिंह मौके पर पहुंचे। घायल युवक को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। वहीं बाराती को गोली लगने से शादी में अफरा तफरी का माहौल बन गया।

थाना प्रभारी शेर सिंह का कहना है कि बारात में शामिल गुभाना माजरी निवासी युवक ने फायर किया। घायल का बयान दर्ज होने के बाद ही बाकी करवाई की जाएगी।

Exit mobile version