हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-108 स्थित एक पॉश और लग्जरी सोसाइटी शोभा सिटी में शुक्रवार की सुबह 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 18 वर्षीय छात्र आर्यन सहवाग ने सोसाइटी की 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

शुक्रवार की सुबह हुई इस घटना ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों को स्तब्ध कर दिया। आर्यन का परिवार सोसाइटी की 10वीं मंजिल पर रहता था, लेकिन उसने लिफ्ट का उपयोग कर 18वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगा ली।

आर्यन सिर के बल नीचे फर्श से टकराया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका सिर फट गया और घटनास्थल पर ही खून की धारा बह निकली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोसाइटी के सिक्योरिटी स्टाफ ने सबसे पहले आर्यन को फर्श पर लहूलुहान अवस्था में देखा और तत्काल परिवार तथा पुलिस को सूचित किया। परिजन तुरंत उसे उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

आसपास के लोगों के अनुसार मृतक छात्र आर्यन सहवाग दिल्ली के प्रतिष्ठित डीपीएस स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह स्वभाव से काफी शांत था और अपनी पढ़ाई पर ही ध्यान केंद्रित रखता था। वह किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था। उसका यह आत्मघाती कदम हर किसी के लिए अविश्वसनीय और स्तब्ध कर देने वाला है।

पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार इस कदम के पीछे का मुख्य कारण शैक्षणिक तनाव बताया जा रहा है। आर्यन ने अपनी प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान एक पेपर नहीं दिया था, जिसके चलते वह अंदर से काफी आहत और परेशान चल रहा था। हालांकि, यह भी सामने आया है कि उसके माता-पिता ने इस बात को लेकर उसे अभी तक कोई डांट या कुछ भी नहीं कहा था। बावजूद इसके प्री-बोर्ड परीक्षा का दबाव इतना अधिक था कि उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया।

आर्यन के पिता विक्रम सिंह सहवाग आर्मी से रिटायर हैं और मूल रूप से रोहतक के रहने वाले हैं। उनका परिवार हाल ही में नोएडा के सेक्टर-37 से शोभा सिटी सोसाइटी में 10वीं मंजिल पर 3BHK फ्लैट में शिफ्ट हुआ था। परिवार में सिर्फ पिता, मां और बेटा आर्यन ही थे। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो जानकारी सामने आई है, वह बेहद भावुक करने वाली है। गुरुवार की रात को आर्यन की मां ने उससे अपने पास ही सोने के लिए कहा था। लेकिन, आर्यन ने मां के पैर दबाए और फिर अपने कमरे में सोने की बात कहकर चला गया।

रात करीब दो बजे वह अपने फ्लैट से निकला, लिफ्ट से 18वीं मंजिल पर पहुंचा और छलांग लगा दी। सुबह जब सिक्योरिटी स्टाफ ने शव देखा तो पुलिस और परिवार को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने मृतक आर्यन का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। उसके कॉल डिटेल्स, मैसेज और सोशल मीडिया एक्टिविटी की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि उस पर किसी तरह का बाहरी दबाव तो नहीं था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या 18वीं मंजिल तक पहुंचने में किसी और ने उसकी मदद की थी या वह अकेला था। 

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!