
जींद में हुए एक बड़े सड़क हादसे में एक महिला डॉक्टर समेत 3 व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जबकि NH- 152डी पर गांव जामनी के पास आई20 और बलेनो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों ही गाड़ियों में दो-दो व्यक्ति सवार थे। एक की हालत गंभीर है। हादसे को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
जींद में पानीपत रोड पर गांव जामनी के निकट नेशनल हाईवे 152डी पर शनिवार को आई20 गाड़ी तथा बलेनो की भिडंत हो गई। दोनों गाड़ियों में सवार 4 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए असंध के अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने आई 20 गाड़ी में सवार गुरुग्राम सेक्टर 10 निवासी डा. शिवानी गुप्ता और राजस्थान नंबर की बलेनो गाड़ी में सवार 2 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। राजस्थान की गाड़ी में सवार दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची स्थिति का जायजा लिया। पुलिस राजस्थान नंबर की बलेनो गाड़ी में सवार दोनों मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी है।
