दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान 2 दिन के प्रवास पर 7 व 8 सितंबर को हिसार पहुंच रहे हैं। पंजाब चुनाव के बाद पहली बार दोनों एक साथ हरियाणा आ रहे हैं। इस दौरान दोनों 7 सितंबर को सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा और उसके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। शाम 5 बजे मिलने का समय है।
सोनाली की मौत के बाद शोकग्रस्त परिवार और बेटी से सांत्वना जताने के लिए दोनों घर आएंगे। सोनाली भाजपा नेत्री थी, इसलिए भाजपा से शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर, प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, कैप्टन अभिमन्यु, शहरी निकाय मंत्री कमल गुप्ता भी सोनाली के घर शोक जताने के लिए गए थे।
अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान अपने दो दिवसीय दौरे पर युवाओं, व्यापारियों और अन्य वर्गों के साथ अलग-अलग संवाद करेंगे। दोनों एक साथ हिसार 12 बजे पहुंचेंगे।1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। हिसार में नए नेताओं का जॉइनिंग करवाई जाएगी। दोपहर 3 बजे केजरीवाल मिलिनियम पैलेस में युवाओं के साथ संवाद करेंगे। 5 बजे वे सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा और उसके परिजनों से मिलने उनके घर जाएंगे। इसके बाद व्यापारियों और अन्य वर्गों के साथ संवाद करेंगे।
केजरीवाल और भगंवत मान 8 सितंबर को 11 बजे आदमपुर में तिरंगा यात्रा निकालेंगे। इसके बाद 12 बजे अनाज मंडी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3 बजे दोनों हिसार से चले जाएंगे। केजरीवाल पंजाब चुनाव के बाद दूसरी बार हरियाणा आ रहे हैं। पहले कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने प्रदेश स्तरीय रैली की। अब दूसरी बार हिसार में रैली कर रहे हैं। केजरीवाल हरियाणा के भिवानी जिले की सिवानी मंडी के रहने वाले हैं।
