हिसार में एक महिला व उसके बेटे से व्हाट्सएप्प पर वॉइस मैसेज भेज अभद्र भाषा का प्रयोग व जान से मारने की धमकी देते हुए 5 लाख रूपये मांगने का मामला सामने आया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि गांव का ही एक परिचित व्यक्ति कुछ समय से बिना किसी कारण के परेशान कर रहा है। बीते 10 अगस्त करीब रात 9 बजे मेरे व्हाट्सएप पर वॉयस मैसेज भेजा, जिसमें अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद मेरे बेटे के फोन पर व्हाट्सएप के माध्यम से वॉयस मैसेज भेजा। मैसेज में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और 5 लाख रुपए मांगे। इसके बाद लगातार व्हाट्सएप कॉल करके गंदी भाषा का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।
महिला ने व्यक्ति की हरकतों से परेशान होकर सारी बात पुलिस को बताई। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए कुछ समय पहले ही गांव से पूरे परिवार के साथ हिसार आए थे। यहां शहर के एक सेक्टर में किराए पर रहने लगे। इस दौरान गांव में रहने वाला परिचित व्यक्ति परेशान करने लगा और फोन पर धमकियां देने लगा। शहर के अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर धारा 354, 509 ,506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
