हरियाणा की भाजपा सरकार में सहयोगी जननायक जनता पार्टी (JJP) में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घमासान छिड़ गया है। भ्रष्टाचार को लेकर आम नेता या कार्यकर्ताओं में विवाद नहीं छिड़ा बल्कि जंग उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और उनकी पार्टी के ही पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के बीच छिड़ी है। अब कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी इसमें कूद पड़े हैं और दुष्यंत पर वार करते हुए बबली की प्रशंसा की है।

जजपा नेता एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने दो दिन पहले सरकार के विभागों में भ्रष्टाचार की बात कही थी। टोहाना में नप उप प्रधान के चुनाव में अपने समर्थक के लिए आए थे। इसमें बाजी भाजपा के सुभाष बराला ने मार ली। इसके बाद बबली ने सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा।

मंत्री बबली के सवालों पर अब उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उन्हें नसीहत के साथ चुनौती दी है। दुष्यंत ने कहा कि बबली को भ्रष्टाचार कहीं दिखता है तो पकड़ कर रोक लो, बोलने से क्या होता है, जब तक आप उसे रोको नहीं, एक्शन नहीं लोगे तो यह चीज नहीं रुकेगी। हमारी सरकार ने डिजीटाइलेशन का प्रयोग कर भ्रष्टाचार को कम करने का प्रयास किया है।

टोहाना में बबली ने ये कहा था:

टोहाना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने देवेंद्र बबली की हूटिंग की थी। जिसके बाद बबली ने मीडिया के सामने अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा था कि सभी को पता है कि आज विभागों में क्या हालात है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से सुभाष बराला के खिलाफ बोलते हुए कहा कि जब तक बबली कुर्सी पर बैठा है, तब तक किसी को पर नहीं मारने दूंगा।

पिछली जांचों को दबाया गया है। कुछ लोगों ने घोटाले कर इलाके का शोषण कर करोड़ों रुपए के वारे न्यारे किए। यह सरकार की कमजोरी है, इसे मानने में मुझे डर नहीं। सरकार भी ऐसे लोगों को शह दे रही है। लोगों के खून कुछ लोग चूसना चाहते हैं, इसमें अधिकारी और नेता शामिल हैं, क्या हरियाणा में सरकार नहीं है? देवेंद्र बबली की इन बातों से एक बार फिर सरकार में हलचल पैदा हो गई थी।

रोहतक में बोले दुष्यंत चौटाला:

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपने मंत्री देवेंद्र बबली के आरोपों पर रोहतक में जवाब दिया। चौटाला ने कहा है कि भ्रष्टाचार दिखता है तो रोक लो। गौर करने लायक बात यह है कि देवेंद्र बबली के मंत्री बनने से पहले भी बबली पूरी तरह से न केवल सरकार बल्कि जजपा के खिलाफ भी मुखर होते रहे हैं। उनके बयान पूरे प्रदेश में गूंजे थे। बबली ही नहीं रामकुमार गौतम सहित कुछ अन्य जजपा विधायकों की नाराजगी भी देखने को मिल रही है। अभी हालात कुछ ऐसे ही हैं।

हुड्‌डा ने की बबली की तारीफ:

जजपा में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर छिड़ी जंग में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी कूद गए हैं। हुड्‌डा ने कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली की तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का मामला उठाने का उनका प्रयास सराहनीय है। पूर्व सीएम ने कहा कि बबली अगर ग़लत हैं,तो दुष्यंत उनको मंत्रीमंडल से हटाएं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!