रोहतक शहर में मोटरसाइकिल सवार 4 युवकों ने पहले ई-रिक्शा चालक से रास्ता रोककर मारपीट की। इसके बाद एक युवक ने तो ई-रिक्शा चालक का कान ही काट खाया और आरोपी युवक रुपये छीनकर फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
रोहतक के पाड़ा मोहल्ला निवासी पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। रविवार देर रात को वह अपनी ई-रिक्शा को लेकर सुखपुरा चौक से अपने घर आ रहा था। जब वह कृपाल आश्रम के पास पहुंचा तो एक मोटरसाइकिल पर सवार हो चार युवक वहां आए। उक्त युवकों ने मोटरसाइकिल को आगे अड़ाकर ई-रिक्शा रुकवा ली। जो हाथ में डंडा भी लिए हुए थे।

पंकज ने कहा कि उक्त युवक नशे के आदी लग रही थे। जिसके कारण उन्होंने यह झगड़ा किया। युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज करना आरंभ कर दिया और बाद में डंडे से पीटने लगे। उनमें से एक युवक ने पंकज के कान को मुंह से काट खाया। साथ ही वह अपने परिचित से 20 हजार रुपये लेकर आया था और उसकी जेब में भी 500-700 रुपये थे। आरोपियों ने रुपये भी छीन लिए।
हमलावर युवक मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। झगड़े में घायल पंकज को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
