हरियाणा में पंचायत चुनावों को लेकर माहौल बनने लगा है। चुनाव आयोग की ओर से पहले ही कह दिया गया है कि तैयारियां पूरी कर ली गई है। चुनाव आयोग की ओर से चुनाव को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने बताया कि जल्द ही तारीखों का ऐलान हो सकता है। सितंबर महीने में हरियाणा में पंचायत चुनाव का आयोजन किया जाएगा।

बीते दिन शुक्रवार को मेवाड़ी पहुंचे हरियाणा के पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि प्रदेश में सितंबर महीने में पंचायत चुनाव होंगे जल्द ही तारीखों को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव भाईचारे का है इसलिए जेजेपी पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ेगी। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। उनके बिना संगठन को मजबूत बनाने की कल्पना भी नहीं की जा सकती। जेजेपी को मजबूत बनाने के लिए वह पंचायत स्तर पर ही मजबूती से कार्य करना शुरू कर दें।

दक्षिणी हरियाणा में जेजेपी के जनाधार को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की मजबूती ही जनाधार बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वह अधिक से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता बनाएं, ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि जेजेपी पार्टी के घोषणा पत्र में किए गए वायदों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। पार्टी की नीतियों को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि हरियाणा में अभी 6226 ग्राम पंचायतें हैं। पंचायत समितियों की 3086, जिला परिषद की 411, 62040 पंचायतों के पंच- सरपंचों के लिए चुनाव 2022 में होने हैं। हालांकि इसको लेकर अभी किसी भी तरह की आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जिला परिषद्, ब्लाक समिति व सरपंची चुनाव इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिये कराये जायेंगे, जबकि पंचों के लिए मतदान बैलेट पेपर के जरिये होगा। राज्य चुनाव आयोग ने लगभग 78000 ईवीएम अन्य राज्यों से मंगवाई हुई है।  साथ ही इस बार के चुनावों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण का लाभ मिलेगा। सूत्रों की मानें तो राज्य चुनाव आयोग चुनाव दो चरणों में करवा सकता है, जिसमें पहले पंच और सरपंच के चुनाव और फिर पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव संपन्न करवाए जा सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि अगस्त के पहले सप्ताह में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!