Panipat News: हरियाणा के पानीपत में एक शोरूम के किराएदार ने मालिक पर 40 लाख रुपए कीमत का सामान चोरी हो जाने समेत 6 धाराओं में केस दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि लॉकडाउन के समय में शोरूम बंद करने के दौरान दुकान मालिक ने ताला तोड़कर सामान की चोरी कराई है। इस सदमे में पीड़िता के पति की भी मौत हो गई। आरोप है कि उन्होंने अनेक बार किला थाने के चक्कर काटे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश पर किला थाना पुलिस ने दो के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मूलरूप से उत्तर-प्रदेश के शामली निवासी प्रियंका ने बताया कि उन्होंने अगस्त 2016 में पानीपत के नूरवाला में अनूप सिंह से दो मंजिला दुकान किराए पर ली थी। उसका किराया 10 हजार रुपए था। प्रियंका ने बताया कि अनूप के बेटे का निधन हो चुका है।अब दुकान को वह और उनकी बहू किरण संभाल रही है।

मार्च 2020 में लॉकडाउन के दौरान वह दुकान का ताला लगाकर घर चले गए। जून 2020 को वापस दुकान पर आए तो ताले टूटे मिले। उन्होंने सोचा कि दुकान में चोरी हुई है। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो करीब 40 लाख रुपए का माल चोरी हो चुका था। उन्होंने मकान मालिक से चोरी के बारे में पूछा। आरोप है कि मकान मालिक ने किराया नहीं देने की एवज में सामान लेने की बात कही।
उन्होंने अब तक का किराया देने को कहा तो मकान मालिक गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि मकान मालिक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह किला थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। जिसके बाद उन्होंने कोर्ट के माध्यम से केस दर्ज कराया।
सदमे में हो गई पति की मौत
प्रियंका ने बताया कि उनका पति बिजेंद्र कुमार DC रेट पर पानीपत के सिविल अस्पताल में कार्यरत था। घर की सभी जमापूंजी लगाकर उन्होंने नूरवाला में कपड़ों का शोरूम खोला था। इसी पर परिवार का भविष्य निर्भर था। लॉकडाउन के बाद शोरूम में चोरी होने पर पति को सदमा पहुंचा। इस कारण 14 अप्रैल 2021 को पति की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वह पहले किला थाने और फिर SP ऑफिस में शिकायत लेकर पहुंची, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। अब कोर्ट के माध्यम से आरोपी पर केस दर्ज किया गया है।
