जींद में एक विवाहिता को दहेज के चलते प्रताड़ित करने और मिट्टी का तेल छिड़क कर जान से मारने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालवाले दहेज में फॉच्यूनर गाड़ी लाने का दबाव डाल रहे हैं। इसके चलते महिला थाना पुलिस ने पति सहित 4 व्यक्तियों के खिलाफ दहेज विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
भिवानी रोड निवासी अनीता ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी लगभग 12 साल पहले गांव करिसंधू निवासी हाल आबाद संजय कालोनी सेक्टर-22, 23 फरीदाबाद निवासी बीरेंद्र के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही सुसरालजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। शादी के बाद उसका एक लड़का भी हुआ, जो दस वर्ष का है।
अब उस पर फॉच्यूनर गाड़ी लाने का दबाव बनाए हुए थे और इसके लिए उसके साथ मारपीट भी करते थे। मांग पूरी न होने पर पति बीरेंद्र, देवर सोनू उर्फ राजेंद्र, देवरानी पुष्पा व सास संतोष ने मिल कर उस पर तेल छिड़क कर जान से मारने की कोशिश की और उसे कमरे में बंद कर दिया।
किसी तरह वह वहां से भाग निकलने में कामयाब हुई और अपने पिता के घर पहुंच घटना के बारे में बताया। उसका दस वर्षीय बेटा भी ससुराल में ही है। उसे अब लगातार जान का खतरा बना हुआ है। महिला थाना पुलिस ने अनीता की शिकायत पर पति बीरेंद्र, सोनू उर्फ सुरेंद्र, पुष्पा, संतोष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, जान से मारने की कोशिश करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
