रोहतक की जनता कॉलोनी में होटल संचालक दंपति का हत्यारोपी बेटा तरुण पुलिस के हाथ लग गया है। तरुण को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने 4 टीमों का गठन किया था, जो लगातार छापेमारी कर रही थीं। आखिरकार पुलिस ने 2 दिन बाद आरोपी को काबू कर लिया और उसे अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि आरोपी से हत्या संबंधित पूछताछ की जा सके।

बता दें कि शनिवार अल सुबह जनता कॉलोनी स्थित अपने घर पर सो रहे ताला होटल संचालक चंद्रभान व उनकी पत्नी निशा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया। पोस्टमार्टम में सामने आया कि दोनों के सिर में एक-एक गोली मारी गई है, जिसके कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक दंपति की बेटी चांदनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई तरुण नशे व जुए का आदी था। उसके सिर पर कर्ज हो रखा था। इसलिए तरुण मां-बाप पर होटल व प्रॉपर्टी उसके नाम करवाने का दबाव बना रहा था। वह कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका था, लेकिन शनिवार अल सुबह धमकी को सच ही कर दिया।
