पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद फरार शूटर मनप्रीत सिंह मनु कुस्सा और जगरूप सिंह रूपा के एनकाउंटर के बाद रूपा की मां पलविंदर कौर ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया है। वहीं उसके पिता बलजिंदर सिंह ने कहा, ‘जैसी करनी वैसी भरनी। मेरे बेटे ने मूसेवाला को गोलियां मारीं थीं आज उसका हाल भी सबके सामने है।’

उन्होंने कहा कि रूपा को कई बार समझाया था कि गलत काम छोड़ दे लेकिन वह नहीं माना। अब मैं समझ लूंगा कि मेरे एक ही बेटा था। मैंने अपने कलेजे पर पत्थर रख लिया है, ना तो रूपा के शव के दीदार करूंगा और ना ही उसका अंतिम संस्कार करूंगा। दूसरी तरफ रूपा की मां पलविंदर कौर ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और कहा कि मैंने तो पहले ही कह दिया था कि अगर रूपा ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की है तो रूपा को भी गोली मार दें। गौरतलब है कि गैंगस्टर रूपा का गांव जौड़ा (विधानसभा हलका पट्टी) की आबादी 4700 के करीब है और यह गांव आतंकवाद के समय आतंकियों के गढ़ के रूप में जाना जाता था। रूपा करीब छह वर्ष पहले अपराध जगत से जुड़ गया।

गैंगस्टर जगरूप सिंह रूपा के खिलाफ थाना हरिके पत्तन में 2017 में चोरी का पहला केस दर्ज हुआ था। अमृतसर के थाना तरसिक्का में अवैध हथियार रखने और गोलियां चलाने, जंडियाला गुरु में चोरी, फिरोजपुर के जीरा थाने में चोरी के केस दर्ज हैं। अदालत ने रूपा को भगोड़ा करार दिया था। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में वह मुख्य शूटरों में शामिल था। रूपा इस हत्याकांड से करीब 15 दिन पहले गांव जौड़ा में देखा गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार हो सकता है कि मूसेवाला की हत्या से पहले रूपा ने अपने साथियों के साथ मिलकर हथियारों का जखीरा क्षेत्र में कहीं छिपाया हो, लेकिन अभी यह जांच का विषय है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!