हरियाणा के रोहतक जिले के कस्बा सांपला के गांव गांधरा में हुए वार्ड 12 निवासी देवेंद्र उर्फ तोता हत्याकांड में बड़ा मोड़ सामने है। जिन चार नामजद युवकों पर मृतक की मां ने शक के आधार पर हत्या का केस दर्ज करवाया था, उन्हें पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है। क्योंकि पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि तीन अन्य आरोपियों ने हत्याकांड को अंजाम दिया था। तीनों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। असली आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों युवकों को क्लीन चिट दे दी है।

ये है मामला
गांधरा गांव के तालाब में 8 सितंबर की रात को एक युवक का शव बरामद हुआ था, जिसके पेट पर कपड़ों से ईंट बांधी गई थी। मृतक की पहचान सांपला के वार्ड-12 निवासी देवेंद्र उर्फ तोता के रूप में हुई थी, जो खिलौने बेचने का काम करता था। मामले में मृतक की मां बाला ने कस्बे के ही मनीष, विकास उर्फ नान्हा, विक्की और संदीप पर हत्या का शक जताते हुए नामजद केस दर्ज कराया था। सांपला थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की। मामले की गहनता से जांच की।

इस जांच के दौरान अटायल गांव निवासी जसवंत उर्फ जोकर उर्फ लंबू, इस्माइला गांव निवासी दीपक उर्फ मोटा और झज्जर के दहकौरा गांव निवासी सूरज की पहचान आरोपियों के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करके ही हत्याकांड का पर्दाफाश किया। जांच में यह भी सामने आया कि जिन चार युवकों पर केस दर्ज कराया गया था, उनका इस हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है।

मोबाइल लोकेशन और खून के निशान से मिली मदद

आरोपियों ने देवेंद्र के साथ रेलवे स्टेशन के पास मारपीट की थी और उसके हाथ की नस काट दी थी, जिसके बाद एक आरोपी उसे बाइक पर तालाब तक लेकर गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन से लेकर तालाब तक देवेंद्र का खून सड़क पर टपकता रहा। जिस समय पुलिस ने शव बरामद किया, उसी वक्त पुलिस खून के निशानों की पहचान करते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंच गई थी। वहां पर तीनों आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने उन पर शिकंजा कस दिया।

दे दी गई है क्लीन चिट

सांपला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि हत्याकांड के बाद मृतक की मां ने चार युवकों पर शक जताया गया था, लेकिन जांच में उनकी कोई भूमिका नहीं मिली। जांच के बाद वारदात के तीन असली आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद चारों युवकों को इस केस से क्लीन चिट दे दी गई है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!