रोहतक स्थित सांघी गांव रोड पर लगभग आधा दर्जन बाइक सवार युवकों ने लूट द्वारा बीती आधी रात को अंबाला से रोहतक आ रहे एक ट्रक चालक का पीछा कर ट्रक रुकवाकर मारपीट के साथ साथ कुछ नकदी व मोबाइल फोन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
राजस्थान के जिला अलवर के गांव विजयपुर निवासी शाहरूख ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। शुक्रवार-शनिवार रात को करीब एक बजे ट्रक लेकर अंबाला से रोहतक की तरफ आ रहा था। जब वह गांव ब्राह्मणवास फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो टोल से बचने के लिए गाड़ी पुल के नीचे से गांव सांघी रोड पर ले आया।
इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर 5 युवक आए। उक्त युवकों ने बाइकों को बीच रोड पर लगा दिया और गाड़ी रुकवा ली। गाड़ी रुकते ही उक्त युवकों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट करनी आरंभ कर दी और कहा जितने पैसे हैं, निकाल लो, नहीं तो जान से मार देंगे। उक्त युवकों ने शाहरूख की जेब से पर्स निकाला, जिसमें 5 हजार रुपए व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
साथ ही दो मोबाइल फोन भी छीन लिए। इस घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
