पानीपत के विकास नगर से एक 14 वर्षीय नौंवी का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया। दरअसल, छात्र की ट्यूशन टीचर ने उसकी मां से काम न करने की शिकायत की थी। इस शिकायत पर मां ने डांटते हुए पिता से शिकायत करने के बारे में कहा था। इसी डर की वजह बच्चा घबरा कर घर से निकल गया। अब 25 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कही कोई सुराग नहीं लगा है।
जिसकी परिजन तलाश कर रहे हैं। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीसी की धारा 365 के तहत केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई व बच्चे की तलाश शुरु कर दी है। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे पिता के पास बिहार जीआरपी पुलिस ने कॉल की और बताया कि बच्चा ट्रेन में बैठकर वहां पहुंच गया है।
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में सलेंद्र सिंह ने बताया कि वह गली नंबर 25 विकास नगर का रहने वाला है। वह दो बच्चों का पिता है। बड़ा बेटा सन्नी (14) व छोटी बेटी नंदनी (12) है। 20 जून को सन्नी सुबह ट्यूशन पढ़ने गया था। दोपहर 12 बजे वह ट्यूशन से घर वापिस लौटा। इसी दौरान उसकी ट्यूशन टीचर की सन्नी की मां किरण देवी के पास कॉल आई।
टीचर ने सन्नी की मां से शिकायत की। उन्होंने कहा कि आपका लड़का शरारती हो गया है। वह ट्यूशन का होमवर्क भी नहीं कर के आता है। यहां आने के बाद भी पढ़ाई नहीं कर रहा है। शिकायत करने के बाद टीचर ने कॉल डिसकनेक्ट कर दी। मां ने सन्नी को डांटते हुए कहा कि तू होमवर्क क्यों नहीं करता है।
आज शाम को तेरे पिताजी को ड्यूटी से वापिस लौटने दें, उन्हें ही तेरी शिकायत करुंगी। इतना सुनने के बाद ही सन्नी घबरा गया। वह कमरे में गया और अपना ट्यूशन बैग रख कर चुप-चाप घर से निकल गया। उसके बाद से सन्नी का कोई भेद नहीं लगा है। सन्नी ने संतरी टी-शर्ट, ब्लू हाफ पेंट पहनी हुई थी।
