रोहतक में पुराने बस स्टैंड के पास मंगलवार को गांव तलाव निवासी एक युवक पर चार युवकों ने चाकू व ईंटों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में युवक ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस उसे पीजीआई लेकर गई। हमलावरों का अभी तक पता नहीं चल सका है। युवक के अनुसार कुछ अनजान युवक उससे सिगरेट के लिए रुपये मांग रहे थे, मना करने पर उस पर हमला कर दिया।
गांव तलाव निवासी मोहित ने बताया कि वह किसी काम से मंगलवार दोपहर शहर आया था। यहां पुराने बस स्टैंड के पास चार युवकों ने उसे रोक लिया। उससे सिगरेट के लिए रुपये मांगने लगे। उसने मना किया तो युवकों ने उसके हाथ, कंधे पर चाकू मार दिए। वहीं ईंट से उसके सिर पर वार कर दिए। पुलिस आरोपियो की तलाश में जुटी।
