रोहतक शहर में चोरों ने एक कपड़ा विक्रेता के घर पर लाखों की चोरी को अंजाम दिया है। कपड़ा विक्रेता लुधियाना से नए कपड़े खरीदने गया था, तभी उसके घर पर आए चोर 5 तोले सोने के गहने व 50 हजार की नकदी ले गए। पीड़ित ने पुरानी सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
रोहतक के किला मोहल्ला में रहने वाले राजेश ने बताया कि वह छोटे बच्चों के कपड़ों की दुकान करते हैं। नए कपड़ों की खेप खरीदने के लिए लुधियाना गए थे। वहीं पत्नी व बेटा रोहतक के ही गांधी कैंप स्थित ननिहाल में चले गए। इस बीच घर पर आए चोरों ने ताले तोड़कर घर के मुख्य कमरे में प्रवेश कर लिया। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर 50 हजार की नकदी, सोने की चेन, लॉकेट, दो अंगूठी, दो बाली आदि चोरी कर ले गए।
शिकायतकर्ता राजेश ने बताया कि उनके घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। वहीं पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं, इसलिए चोर कैमरे की जद में भी नहीं आ सके हैं। मामले में पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होंगे।
