जींद में गांव गतौली में सोमवार देर रात एक युवक को गोलियां मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के ताऊ के बेटे की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार जींद के गांव गतौली निवासी धमेंद्र उर्फ गब्बू (26) की सोमवार देर रात शराब कारोबार से जुड़े गांव के ही प्रदीप व उसके साथियों के साथ कहासुनी हो गई थी। नौबत हाथापाई तक जा पहुंची। इसके बाद जब धमेंद्र घर की तरफ जा रहा था तो प्रदीप व उसके साथियों ने उस पर फायरिंग कर दी। जिसमें धमेंद्र को चार गोलियां लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पाकर डीएसपी जितेंद्र, जुलाना थाना प्रभारी समरजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्यों को जुटाया। घटना को गंभीरता से लेते हुए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम की सहायता से मौके से सबूत जुटाए गए हैं। मृतक के ताऊ के बेटे जयभगवान ने पुलिस को बताया कि मृतक धमेंद्र का भाई प्रमेंद्र तौली सर्कल के शराब ठेके लिए हुए है। गांव का ही संदीप व प्रदीप ने पिल्लूखेडा सर्कल के अलावा एक शराब ठेका गतौली सर्कल में भी लिया हुआ है। पिछले सीजन में प्रमेंद्र तथा संदीप वगैरा का साझा शराब का कारोबार था

जयभगवान ने बताया कि लगभग एक माह पहले शराब कारोबार को लेकर प्रदीप, संदीप वगैरा की उनके साथ कहासुनी हो गई थी। जिसके चलते प्रदीप व उसके साथी रंजिश रखे हुए थे। बीती रात प्रदीप व उसके साथियों की धमेंद्र के साथ कहासुनी हो गई थी और नौबत हाथापाई तक जा पहुंची थी। जिस पर प्रदीप व उसके साथियों ने फायरिंग कर धमेंद्र की हत्या कर दी। जुलाना थाना पुलिस ने प्रदीप, संदीप, विजय, संजय, नरेश, विकास, तकदीर के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना को शराब कारोबार की रंजिश से जोडकर देखा जा रहा है। फिलहाल सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्या आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!