पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू की कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर दो दिन पहले हादसे में हुई मौत पर ट्राला चालक कासिम खान गिरफ्तारी के बाद गुरुवार रात को सोनीपत के खरखौदा पुलिस थाने में दिए बयानों से पलटी मार गया है। पुलिस के सामने उसने अपना दोष स्वीकारते हुए लापरवाही की बात कही थी। पुलिस ने शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ और छानबीन के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड की मांग की।

कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुना और फिर कासिम खान को पुलिस रिमांड की पुलिस की मांग को खारिज करते हुए उसको जमानत पर रिहा कर दिया। कासिम के वकील की ओर से कहा गया कि हादसे में उसका कोई कसूर नहीं है। पुलिस को कुछ बरामद भी नहीं करना है। यह सीधे सीधे पीछे से ट्राले में गाड़ी ठोंकने का केस है।

बता दें कि पंजाबी एक्टर और लालकिला हिंसा का आरोपी दीप सिद्धू 15 फरवरी की शाम को अपनी गर्लफ्रेंड रीना रॉय उर्फ राजविंदर कौर के साथ स्कॉर्पियो में दिल्ली से KMP के रास्ते पंजाब जा रहे थे। सोनीपत के खरखौदा में पीपली टोल के पास उनकी कार की पीछे से एक ट्राले में टक्कर हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में दीप की मौत हो गई थी, वहीं रीना घायल हुई थी। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया था।

एसपी सोनीपत राहुल शर्मा ने फरार ट्राला चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया था। खरखौदा पुलिस ने गुरुवार शाम को फरार चालक कासिम खान निवासी गांव सिंगारा, जिला नूंह को गिरफ्तार कर लिया। थाना खरखौदा के SHO जसपाल सिंह ने बताया कि कासिम खान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने माना कि उसने ट्राले काे अचानक से ब्रेक लगा दिए थे, जिससे पीछे आ रही दीप सिद्धू की गाड़ी टकरा गई। हादसे के बाद वह बुरी तरह से डर गया था और मौके से भाग गया।

कासिम खान को अगले दिन पता चला कि उसकी गाड़ी से टकरा कर जिस युवक की मौत हुई है, वह कोई साधारण युवक नहीं था, जबकि पंजाबी फिल्मों का फेमस एक्टर दीप सिद्धू था। उसे उसकी मौत पर बड़ा पछतावा हुआ है। उसने बताया कि वह गुजरात के अहमदाबाद से ट्राले में कोयला लोड करके उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जा रहा था। रास्ते में KMP पर हादसा हो गया। मौके पर भीड़ जुटने लगी थी। किसी अनहोनी के डर से वह मौके से भाग गया।

थाना खरखौदा के प्रभारी जसपाल ने बताया कि ट्राला चलाने के दौरान कासिम से लापरवाही हुई है। पुलिस उसे शुक्रवार दोपहर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। उसे घटनास्थल पर ले जाया जाएगा और हादसे के कारणों के छानबीन के लिए बड़ी गहनता से पूछताछ की जाएगी। हादसे को लेकर दीप सिद्धू के भाई मनदीप की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है।

वहीं मंगलवार रात हुए हादसे के चश्मदीद मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि KMP हाईवे पर उसकी कार दीप सिद्धू की कार के पीछे चल रही थी। उसके सामने ही यह हादसा हुआ। यूसुफ के अनुसार उस समय सिद्धू की कार की स्पीड 110 से 120 KM/H के बीच होगी। यूसुफ ने कहा कि मेरी गाड़ी पीछे थी। हादसे के बाद उसने अपनी गाड़ी साइड लगाई और ड्राइवर को ट्रक से उतारा। फिर 112 पर फोन किया था. इसके 15 मिनट बाद हेल्पलाइन नंबर 112 वालों ने एंबुलेंस भेजी।

सोनीपत के एसपी राहुल शर्मा ने दीप सिद्धू के पोस्टमार्टम के बाद पत्रकारों से बातचीत में हादसे को लेकर कई जानकारी दी। एसपी ने बताया कि रेश और लापरवाही ड्राइविंग के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक की पहचान कर ली गई है और जल्दी चालक की गिरफ्तारी की जाएगी। दीप सिद्धू की गाड़ी ने बादली से केएमपी पर देर शाम 7:15 पर एंट्री की थी। क्राइम सीन के मुताबिक ट्रक चल रहा था और पीछे से ट्रक में टक्कर लगी है। मौके पर क्राइम सीन टीम ने 25 से 30 मीटर के स्पीड मार्क नोट किए हैं।

सिद्धू के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया था। अंतिम संस्कार पंजाब के लुधियाना बुधवार शाम को कर दिया गया। हादसे को लेकर उसके समर्थकों में मायूसी पसरी है। यही नहीं दीप सिद्धू के परिजन और समर्थक भी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जुटे पहुंचे थे। दीप सिद्धू इन दिनों अमरगढ़ से शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान का भी प्रचार कर रहे थे।

मंगलवार को हादसे के समय दीप सिद्धू सफेद कलर की स्कॉर्पियो में सवार थे। अभी ऐसा माना जा रहा है कि उनकी SUV की स्पीड 100 से 120 किमी प्रति घंटा रही होगी। क्योंकि इस टक्कर में ट्रक का चैसिस पूरी तरह डैमेज है और उसके टायर फट गए हैं। वहीं, ट्रक धीमी रफ्तार से चल रहा था. दरअसल, ट्रक कोयले से लदा हुआ था और टोल के पास थोड़ी चढ़ाई है, जिस कारण माना जा रहा है कि ट्रक की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा होगी।

पहली नजर में ऐसा समझा जा रहा है कि दीप सिद्धू ने ट्रक के बाईं ओर से ओवरटेक करने की कोशिश की और इस चक्कर में टक्कर हो गई। टक्कर में सिद्धू की SUV दाहिने साइड से पूरी डैमेज हो गई, बाएं हिस्से को मामूली नुकसान हुआ है, दाहिने साइड ही ड्राइवर सीट पर सिद्धू बैठे थे, उन्हें बचाया नहीं जा सका।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!