रोहतक जिले के एक गांव में बिजली मीटर लगाने गए विद्युत कर्मियों से ग्रामीणों द्वारा झगड़ा व मारपीट का मामला सामने आया है। बिजली कर्मियों का आरोप है कि ग्रामीणों ने गली में मारपीट के बाद उन्हें गांव की चौपाल में ले जाकर भी पीटा और उन्हें वहां बंधक बनाए रखा। विभाग के एईई ने गांव की कुछ महिलाओं सहित 15 नामजद व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांचमें जुटी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के के एईई विनोद ने अपनी शिकायत में सदर थाना पुलिस को बताया कि लगभग आधा दर्जन से अधिक बिजली कर्मचारी जेई सत्यवान के साथ गांव धामड़ में बिजली मीटर लगाने गए थे। गांव में पहुंचकर कर्मी जैसे ही मीटरों को अपने बैग से निकालकर घरों के बाहर लगाने के लिए सेट करने लगे तो ग्रामीण जमा हो गए। कर्मियों से झगड़ा करके मारपीट की। इसके बाद ग्रामीण बिजली कर्मियों को गांव की चौपाल में जबरदस्ती ले आए और यहां भी मारपीट की।

बिजली कर्मियों का कहना है कि ग्रामीणों ने उन्हें धमकी भी दी है कि अगर गांव में दोबारा आए तो जान से मार देंगे। मामले में पुलिस ने ग्रामीण वजीर, मोनू, रामचंद्र, राजसिंह सहित 15 लोगों पर केस दर्ज किया है। इसमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। मामले में थाना सदर एसएचओ जय नारायण सिंह का कहना है कि कर्मियों का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!