पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू की सड़क दुर्घटना में मंगलवार रात को हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसे में मारे गए पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू का पोस्टमार्टम हो गया है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।

सोनीपत सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने उनका पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई है। इस दौरान डीएसपी विपिन कादियान दल-बल के साथ पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद रहे। यही नहीं दीप सिद्धू के परिजन और समर्थक भी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जुटे रहे। दीप सिद्धू इन दिनों अमरगढ़ से शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान का भी प्रचार कर रहे थे।

पोस्टमार्टम के दौरान एसपी राहुल शर्मा हादसास्थल का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के बाद एसपी ने बताया कि दीप सिद्धू की गाड़ी से शराब की बोतलें मिली हैं। उनके ब्लड सैंपल भी लिए हैं, ताकि जांच की जा सके कि हादसे के दौरान दीप सिद्धू ने शराब पी हुई थी या नहीं? विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस ने दीप के भाई मनदीप सिंह सिद्धू की शिकायत पर अज्ञात ट्राला चालक और मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। चालक फरार है, जिसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।

दीप सिद्धू की इस तरह अचानक मौत होने से पंजाब में चर्चा का दौर भी शुरू हो गया है। बड़ा सवाल यह है कि दीप सिद्धू की मौत हादसे में हुई है या हत्या की गई है? वे किसान आंदोलन के दौरान काफी सुर्खियों में रहे थे। पिछले साल 26 जनवरी को लाल किले में हुई हिंसा मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया था। इस केस‌ में दीप सिद्धू की गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं अब जब डीएसपी से इस बारे में सवाल किया गया कि कहीं हत्या को हादसा तो नहीं दिखाया जा रहा तो उन्होंने कहा कि साजिश हो सकती है, लेकिन अभी हादसे का केस दर्ज किया गया है। हत्या के एंगल से भी केस की जांच की जाएगी।

पुलिस को दी शिकायत में दीप सिद्धू के भाई मनदीप ने बताया कि हादसा कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP)​​​​​​ एक्सप्रेस-वे पर पिपली टोल नाके के पास मंगलवार रात को हुआ। दीप सिद्धू अपनी अमेरिकी महिला मित्र रीना रॉय के साथ दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे। परिवार वाले उनका इंतजार कर रहे थे कि पिता के फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि दीप सिद्धू का एक्सीडेंट हो गया है। वह और एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं। फोन करने वाले ने हादसे में घायल रीना से बात कराई।

रीना ने बताया कि स्कोर्पियो पीछे से ट्राले में घुस गई है। दीप बेहोश है और उसे काफी चोट लगी हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। एक ट्राला आगे चल रहा था, लेकिन उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से दीप ने भी ब्रेक लगाए, लेकिन इतनी देर में स्कॉर्पियो ट्राले में घुस गई। रीना ने बताया कि उसे और दीप को सोनीपत के खरखौंदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पता चला कि दीप को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। वहीं रीना उपचाराधीन है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर रीना के बयान भी दर्ज किए।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!