कुरुक्षेत्र/शाहबाद। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में GT रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में 6 महीने की बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 9 सदस्य घायल हो गए। परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान गांव रतनगढ़ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो स्कॉर्पियो में फंस गया और कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। ऑटो में सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को शाहबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के चलते उन्हें आगे रेफर किया गया। हादसे में 6 महीने की बच्ची आफिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

यूपी के कैराना में शादी समारोह में शामिल होने गया था परिवार

घायल समीम (48) निवासी कांधला, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वह पंजाब के डेरा बस्सी के गांव झौली में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। 19 नवंबर को उसके मामा के बेटे जमील की शादी उत्तर प्रदेश के कैराना में थी।

शादी में शामिल होने के लिए वह अपनी पत्नी शबनम (41), बेटे मुस्तफा (9), बेटियों साबिया (12), साईबा (16), सिरदोष (14), शादीशुदा बेटी तईयबा, 6 महीने की नातिन आफिया और 4 वर्षीय बेटे असद के साथ गया था।

पड़ोसी गांव से किराए पर लिया था ऑटो

समीम के अनुसार, शादी में जाने के लिए उन्होंने पड़ोसी गांव के मौमिन से ऑटो किराए पर लिया था। इसी ऑटो में परिवार 19 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे डेरा बस्सी से कैराना पहुंचा था।

शादी समारोह में शामिल होने के बाद परिवार शाम करीब 4:30 बजे कैराना से पंजाब के लिए रवाना हुआ। रात करीब 9:45 बजे उनका ऑटो शाहबाद के गांव रतनगढ़ के पास पहुंचा।

पीछे से आई स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

समीम ने आरोप लगाया कि इसी दौरान काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो स्कॉर्पियो में फंस गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर गिर गए।

समीम के मुताबिक, स्कॉर्पियो ऑटो को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में परिवार के सभी सदस्यों को चोटें आईं। राहगीरों ने घायलों को शाहबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया।

6 महीने की आफिया ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची आफिया को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसे आदेश मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मां, बेटे और बेटी का ऑपरेशन जारी

हादसे में घायल परिवार के अन्य सदस्यों का भी इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, शबनम, बेटे मुस्तफा और बेटी साबिया का ऑपरेशन किया जा रहा है। परिवार के अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं।

स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज

शाहबाद पुलिस ने हादसे के संबंध में स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!