रोहतक। रोहतक के गांव बहुअकबरपुर में एक विधवा महिला के 5 लाख रुपये वापस दिलाने के लिए ग्रामीणों ने पंचायत की। महिला रविना का आरोप है कि उसने गांव के आढ़ती जयपाल को ब्याज पर 5 लाख रुपये दिए थे, लेकिन पैसे लेने के कुछ समय बाद ही जयपाल ने आत्महत्या कर ली। अब जयपाल के परिवार की ओर से रुपये लौटाने में आनाकानी की जा रही है। ऐसे में महिला को अपने पैसे वापस लेने के लिए गांव के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

रविना के अनुसार, उसके पति की करीब 3 साल पहले मौत हो गई थी। पति की उम्र 40 साल से कम होने के कारण उसे सरकार की पंडित दीनदयाल योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी। उसने इसी राशि को 26 जनवरी को गांव के आढ़ती जयपाल को ब्याज पर दिया था।

पति की मौत के बाद मिली थी 5 लाख की सहायता

रविना ने बताया कि उसकी 12 साल की एक बेटी है। पति की मौत के बाद परिवार चलाने और बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने की जिम्मेदारी उसी पर है। आय का कोई दूसरा साधन नहीं होने के कारण उसने आर्थिक मदद के रूप में मिली राशि ब्याज पर देने का फैसला किया था, ताकि हर महीने कुछ आमदनी हो सके।

महिला का आरोप है कि जयपाल ने उससे 5 लाख रुपये लिए थे, लेकिन 6 फरवरी को उसने आत्महत्या कर ली। इसके बाद से वह अपने रुपये वापस पाने के लिए परेशान है।

आढ़ती के परिवार पर पैसे नहीं लौटाने का आरोप

रविना के मुताबिक, वह कई बार जयपाल के घर गई, लेकिन उसे परिवार के सदस्य नहीं मिले। उसे जानकारी मिली कि जयपाल का बेटा डीएसपी है और वह अपनी मां को साथ ले गया है। जयपाल की बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि उनका बड़ा बेटा रोहतक में रहता है और अनाज मंडी में आढ़ती की दुकान करता है।

महिला का कहना है कि गांव में कई बार पंचायत बुलाई गई और जयपाल के बेटे को भी बुलाया गया, लेकिन वह पंचायत में शामिल नहीं हुआ। रविना ने अभी तक पुलिस में शिकायत देने के बजाय ग्रामीणों के सामने अपना मामला रखा है।

गांव की बेटी बताकर ग्रामीणों ने की मदद की पहल

मामले को लेकर गांव में हुई पंचायत में ग्रामीणों ने रविना की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मदद का भरोसा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वह गांव की बेटी है और उसके 5 लाख रुपये वापस दिलाने के लिए गांव के लोग मिलकर राशि एकत्रित करेंगे।

रविना को उम्मीद है कि ग्रामीणों के सहयोग से उसकी रकम वापस मिल सकेगी और वह अपनी बेटी की परवरिश तथा पढ़ाई का खर्च उठा पाएगी।

फिलहाल, इस मामले में जयपाल के परिवार का पक्ष सामने नहीं आया है। पंचायत के माध्यम से रुपये वापस दिलाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!