पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला स्थित एक अनाथालय में पांच नाबालिग बच्चों की ओर से संस्थान के सुपरिंटेंडेंट पर यौन शोषण के आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की टीम के औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों ने चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) के सामने अपनी परेशानी बताई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने सुपरिंटेंडेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

हालांकि, देर रात कानूनी प्रक्रिया के तहत बयान दर्ज किए जाने के दौरान बच्चों के बयानों में विरोधाभास सामने आया और उन्होंने पहले लगाए गए आरोपों से अलग बयान दिए। इसके बाद पुलिस ने सुपरिंटेंडेंट को फिलहाल छोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम दोबारा अनाथालय पहुंची और बच्चों की काउंसिलिंग शुरू की।

CJM से अकेले में बात करना चाहते थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, सोमवार को DLSA की टीम अनाथालय में बच्चों को मिल रही सुविधाओं और संस्थान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंची थी। इस दौरान CJM बच्चों से बातचीत कर रहे थे।

इसी बीच पांच बच्चों ने CJM से अकेले में बात करने की इच्छा जताई। बच्चों ने बताया कि उन्हें संस्थान में कुछ गंभीर परेशानियां हैं, जिनके बारे में वे सबके सामने बात नहीं करना चाहते।

CWC चेयरपर्सन की मौजूदगी में लगाए आरोप

बच्चों की बात सुनने के बाद CJM ने बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन को मौके पर बुलाया। इसके बाद CJM और CWC चेयरपर्सन की मौजूदगी में बच्चों ने सुपरिंटेंडेंट पर यौन शोषण के आरोप लगाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए CJM ने पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाया और जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सुपरिंटेंडेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

बयान बदलने के बाद पुलिस ने छोड़ा

रिपोर्ट के अनुसार, देर रात जब पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्चों के बयान दर्ज करने शुरू किए तो उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया। बच्चों ने पहले लगाए गए आरोपों से अलग बयान दिए। इसके बाद पुलिस ने सुपरिंटेंडेंट को फिलहाल छोड़ दिया।

हालांकि, बयानों में बदलाव के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी जांच का विषय है कि बच्चों पर किसी तरह का दबाव था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

CWC दोबारा पहुंची, बच्चों की काउंसिलिंग जारी

बच्चों के बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद मंगलवार को CWC की टीम दोबारा अनाथालय पहुंची। समिति की चेयरपर्सन वीना अरोड़ा के अनुसार, बच्चों की काउंसिलिंग करवाई जा रही है।

काउंसिलिंग के बाद पुलिस दोबारा बच्चों के बयान दर्ज करेगी। इन्हीं बयानों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

ट्रस्ट ने सुपरिंटेंडेंट को अस्थायी रूप से हटाया

मामले के सामने आने के बाद अनाथालय संचालित करने वाले ट्रस्ट ने भी सुपरिंटेंडेंट को अस्थायी तौर पर पद से हटा दिया है। ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि जांच में यदि सुपरिंटेंडेंट दोषी नहीं पाए जाते तो उन्हें दोबारा जिम्मेदारी दी जा सकती है। आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। बच्चों की सुरक्षा, उनके बयानों और आरोपों की निष्पक्ष जांच पर सभी की नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!