Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने सीएम का चेहरा घोषित करने की तैयारी कर ली हैं। कांग्रेस के CM चेहरे की घोषणा 6 फरवरी को होगी। इसके लिए लुधियाना में बड़ी रैली की जा रही है। जिसमें राहुल गांधी भी शामिल होने आ रहे हैं। सीएम चेहरे की दौड़ में मौजूदा सीएम चरणजीत चन्नी सबसे आगे हैं। उनके साथ नवजोत सिद्धू भी सीएम चेहरे के दावेदार हैं। सीएम चरणजीत चन्नी ने भी बुधवार को रोपड़ में वर्करों के साथ मीटिंग में कहा कि राहुल गांधी 6 फरवरी को इसका ऐलान करेंगे। कांग्रेस में सीएम चन्नी का दबदबा बढ़ रहा है। कल ही कांग्रेस ने उत्तराखंड में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नवजोत सिद्धू को जगह नहीं दी लेकिन चरणजीत चन्नी को स्टार कैंपेनर बनाया है।
पंजाब में सीएम चेहरे के लिए कांग्रेस 3 तरह से फीडबैक ले रही है। पहले इसकी शुरूआत कांग्रेस के इंटरनल एप शक्ति के जरिए की गई। इसमें पंजाब के कार्यकर्ताओं से राय मांगी गई। अब कांग्रेस पंजाब के लोगों को इंटरेक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम के जरिए कॉल कर रही है। वहीं हाईकमान के प्रतिनिधि प्राइवेट स्तर पर भी कॉल कर पंजाब के नेताओं से फीडबैक ले रहे हैं।
पंजाब में सीएम कुर्सी के लिए सीएम चरणजीत चन्नी और पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू के बीच मुकाबला है। तीसरा ऑप्शन बिना सीएम चेहरे के चुनाव लड़ने का है। सूत्रों की मानें तो सिद्धू के मुकाबले चन्नी इस दौड़ में काफी आगे हैं। चन्नी लंबे समय से कांग्रेस के साथ जुड़े हैं। पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल के नेता भी रह चुके हैं।इसके अलावा कई विधायक भी यह बात कह रहे हैं कि चन्नी के सीएम फेस रहते उनकी जीत के अच्छे चांस हैं।
