रोहतक। हरियाणा के रोहतक से एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा ने अपने बेटे हार्दिक बल्हारा का पहला जन्मदिन मनाया। गांव बहुअकबरपुर स्थित उनके घर पर आयोजित इस छोटे से समारोह में परिवार के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब शीलू ने अपनी पत्नी मुस्कान बल्हारा की तस्वीर सामने रखकर बेटे का जन्मदिन मनाया और केक काटा।

गौरतलब है कि करीब 3 महीने 10 दिन पहले 31 जुलाई को शीलू की पत्नी मुस्कान की मौत हो गई थी। ऐसे में बेटे के पहले जन्मदिन पर परिवार की खुशियों के बीच मुस्कान की गैरमौजूदगी भी साफ महसूस हुई।

31 जुलाई को हुई थी मुस्कान की मौत

शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा ने 31 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मुस्कान के पिता ने शीलू बल्हारा और उसके परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज करवाया था।

इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई दौर की पंचायतें हुईं। लंबे विचार-विमर्श के बाद दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ।

पंचायत में हुआ था 50 लाख की FD और संपत्ति का समझौता

जानकारी के अनुसार, पंचायत में सहमति बनी थी कि बेटे हार्दिक के नाम 50 लाख रुपये की एफडी करवाई जाएगी। इसके साथ ही मकान और जमीन भी उसके नाम किए जाएंगे।

समझौते के बाद मुस्कान के पिता ने केस वापस ले लिया था। इस घटनाक्रम के बाद अब बेटे हार्दिक का पहला जन्मदिन परिवार के बीच मनाया गया।

पत्नी की तस्वीर के सामने काटा केक

हार्दिक के जन्मदिन पर शीलू बल्हारा ने घर पर ही परिवार के सदस्यों के साथ समारोह आयोजित किया। इस दौरान हार्दिक केक काटते और परिवार के साथ खुशियां मनाते नजर आया।

समारोह में शीलू के सामने पत्नी मुस्कान की तस्वीर भी लगी हुई थी। एक तरफ बेटे के जीवन का पहला जन्मदिन था तो दूसरी तरफ मुस्कान की यादें भी इस मौके पर मौजूद थीं। जन्मदिन की तस्वीरें और वीडियो इस पारिवारिक पल को भावुक बना रहे हैं।

न्यूजीलैंड में जीता था बेस्ट कैचर का अवॉर्ड

पारिवारिक मुश्किलों के बीच शीलू बल्हारा ने खेल के मैदान पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन जारी रखा। अक्टूबर में न्यूजीलैंड में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में उन्होंने बेस्ट कैचर का अवॉर्ड जीता था।

टूर्नामेंट में शीलू ने बे ऑफ प्लेंटी और शेर-ए-पंजाब जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। उनकी टीम ने फाइनल मुकाबले तक का सफर तय किया और जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 1200 डॉलर का नकद पुरस्कार भी मिला।

फिलहाल बेटे हार्दिक का पहला जन्मदिन शीलू और उनके परिवार के लिए एक खास लेकिन भावुक मौका रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!