नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के बलाना स्थित विजय इंटरनेशनल स्कूल में 13 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के शिक्षक ने छात्र के कान पर कई थप्पड़ मारे, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। करीब दो महीने तक चली पुलिस जांच और मेडिकल राय के बाद सतनाली थाना पुलिस ने 11 नवंबर को आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2) और किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 75 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छुट्टी के बाद घर पहुंचा तो कान में दर्द की शिकायत की
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्रगढ़ निवासी प्रदीप ने बताया कि उनका बेटा अनिकेत विजय इंटरनेशनल स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है। शिकायत के अनुसार, घटना 2 सितंबर 2026 की है। स्कूल से छुट्टी के बाद जब छात्र घर पहुंचा तो उसने कान में दर्द होने की बात बताई।
परिजन उसे तुरंत ईएनटी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने कान का पर्दा फटने की जानकारी दी। इसके बाद छात्र का उपचार शुरू किया गया।
शिक्षक पर पहले भी मारपीट करने का आरोप
परिजनों ने शिक्षक राकेश कुमार पर आरोप लगाया कि वह इससे पहले भी छात्र के साथ मारपीट कर चुका था। इस संबंध में उन्होंने शिक्षक को दोबारा बच्चे के साथ मारपीट नहीं करने की हिदायत दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद शिक्षक ने छात्र के साथ दोबारा मारपीट की।
PGI रोहतक की रिपोर्ट के बाद चोट गंभीर बताई
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में एक चोट दर्ज की गई थी और इस पर ईएनटी विशेषज्ञ की राय मांगी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने PGI रोहतक से प्राप्त रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर चिकित्सक से दोबारा राय ली।
11 नवंबर को चिकित्सक ने चोट को गंभीर प्रकृति यानी Grevious in Nature बताया। इसके बाद पुलिस ने शिकायत, जांच और मेडिकल राय के आधार पर मामला दर्ज किया।
डीएसपी बोले- मेडिकल के आधार पर दर्ज की FIR
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि एक निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा नाबालिग बच्चे की पिटाई का मामला सामने आया है। बच्चे का मेडिकल कराया गया है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

