
सोनीपत। हरियाणा में गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान संगठनों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के बैनर तले 12 नवंबर को सोनीपत शुगर मिल के गेट पर महापंचायत आयोजित की गई। इसमें किसानों ने गन्ने का रेट कम से कम 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई।
महापंचायत में किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांग नहीं मानी तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर पड़ाव डालकर घेराव किया जाएगा। किसान संगठनों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
महापंचायत के बाद शुगर मिल डायरेक्टर को सौंपा ज्ञापन
वीरवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई महापंचायत की अध्यक्षता राजेंद्र कोहला ने की। इसमें भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान, किसान मजदूर यूनियन के नेता सुरेश कोथ, भारतीय किसान यूनियन (घासीराम नैन) के जोगिंदर सिंह नैन, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के ईश्वर सिंह दहिया और ऑल इंडिया किसान सभा के सुमित दलाल सहित कई किसान नेता शामिल हुए।
महापंचायत में ईश्वर सिंह राठी, वीरेंद्र पहल, सुशीला खासा, एडवोकेट कपिल देव और कामरेड श्रद्धानंद सोलंकी ने भी किसानों की मांगों का समर्थन किया। बैठक के बाद किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने नारेबाजी करते हुए शुगर मिल के डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
दो साल में 35 रुपए बढ़ा गन्ने का भाव
हरियाणा में गन्ने का पुराना भाव 415 रुपए प्रति क्विंटल था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे चालू सीजन 2026-27 के लिए बढ़ाकर 430 रुपए प्रति क्विंटल किया है। वहीं, अगले सीजन 2027-28 के लिए 450 रुपए प्रति क्विंटल भाव की अग्रिम घोषणा की गई है।
किसान संगठनों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने के भाव में की गई बढ़ोतरी किसानों की जरूरतों के मुकाबले काफी कम है। इसी वजह से वे गन्ने का रेट 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं।
26 नवंबर से पहले होंगी 7 महापंचायतें
संयुक्त किसान मोर्चा ने 26 नवंबर से पहले हरियाणा में 7 महापंचायतें आयोजित करने का ऐलान किया है। इसके बाद आंदोलन के अगले चरण में 7 और महापंचायतें की जाएंगी।
इस अभियान में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन, अखिल भारतीय किसान सभा और भारतीय किसान यूनियन (घासीराम नैन) समेत कई किसान संगठन भाग ले रहे हैं।
किसान नेताओं ने साफ किया कि गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
