
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भाखड़ा नहर में डूबे कैथल निवासी 24 वर्षीय देवेंद्र कश्यप का शव चार दिन बाद बरामद हुआ है। गुरुवार को उसका शव घटनास्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर किरमिच पुल के पास मिला। देवेंद्र अपने चाचा की अस्थियां प्रवाहित करने के लिए 9 नवंबर को नहर पर आया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया।
देवेंद्र माता-पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का इकलौता भाई था। चार दिनों तक परिवार के लोग उसकी तलाश में नहर के अलग-अलग स्थानों पर बैठे रहे। शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया।
चाचा की अस्थियां प्रवाहित करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कैथल जिले के ढांड निवासी देवेंद्र कश्यप 9 नवंबर को अपने परिवार के साथ चाचा की अस्थियां प्रवाहित करने के लिए कुरुक्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास भाखड़ा नहर पर पहुंचा था।
इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते दूर बह गया। देवेंद्र ने बचाव के लिए शोर भी मचाया।
दंपती ने चुन्नी फेंककर बचाने की कोशिश की
देवेंद्र के नहर में गिरने पर पास में घास काट रहे एक दंपती ने उसे बचाने का प्रयास किया। उन्होंने तुरंत उसकी तरफ चुन्नी फेंकी, लेकिन चुन्नी देवेंद्र के हाथ तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
पुलिस, SDRF और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद पुलिस, SDRF और गोताखोरों की टीम ने नहर में तलाश अभियान शुरू किया। पहले दिन करीब 3 किलोमीटर के क्षेत्र में दो बार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देवेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद बुधवार को भी अलग-अलग स्थानों पर तलाश की गई। परिवार के सदस्य भी किरमिच और बटेड़ा हेड के पास अलग-अलग जगहों पर पहरा देकर बैठे रहे, ताकि पानी में शव दिखाई देने पर तुरंत सूचना दी जा सके।
किरमिच पुल के पास मिला शव
गुरुवार को किरमिच पुल के पास पहरा दे रहे परिजनों ने नहर में एक शव बहता हुआ देखा। उन्होंने तुरंत गोताखोर प्रगट सिंह की टीम को सूचना दी। गोताखोर मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाल लिया।
इसके बाद शव पुलिस के हवाले कर दिया गया।
D-Pharmacy के बाद अस्पताल में कर रहा था नौकरी
देवेंद्र ने डी-फार्मेसी की पढ़ाई की थी और कुरुक्षेत्र के श्री बालाजी अस्पताल में नौकरी कर रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। भाई दूज के त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
तेज बहाव और ठंडे पानी से तलाश में आई परेशानी
गोताखोरों के अनुसार, नहर में पानी का स्तर पहले के मुकाबले करीब 4 से 5 फुट कम था, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज था। नीचे की तरफ पानी बेहद ठंडा होने के कारण गोताखोरों को लंबे समय तक पानी में रहकर तलाश करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में टीम के सदस्य बीच-बीच में बाहर निकलकर आग तापते और फिर सर्च ऑपरेशन में जुट जाते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
