फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा कंपनी के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ (45) की हत्या का खौफनाक CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में आरोपी मोनू शर्मा घर के अंदर और बाहर परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। आरोपी ने वारदात के दौरान पिस्टल की मैगजीन तक बदली और दोबारा फायरिंग की। इस हमले में परमजीत को 9 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब परमजीत की बहन उन्हें बचाने के लिए पहुंची तो आरोपी ने उसके सामने ही दोबारा गोलियां चलाईं। इसके बाद उसने महिला को परमजीत की पत्नी समझकर कहा- ‘दिवाली मुबारक हो विधवा।’ आरोपी ने वारदात के दौरान करीब 15 राउंड फायर किए थे।

गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुई बहस, फिर निकाल ली पिस्टल

घटना 6 नवंबर की रात करीब 9 बजे सेक्टर-21C की एक बिल्डिंग में हुई। CCTV फुटेज के मुताबिक, आरोपी मोनू शर्मा बिल्डिंग के गेट पर पहुंचा और परमजीत को नीचे बुलाया। परमजीत अपने बेटे शौर्य के साथ बाहर आए। इसके बाद पार्किंग एरिया में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।

मोनू बार-बार परमजीत से पूछ रहा था कि विधवा क्या होती है। उसने आरोप लगाया कि परमजीत ने अपने साथियों से उसकी पिटाई करवाई थी। परमजीत ने इससे इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने उसे नहीं पिटवाया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।

कुछ देर बाद मोनू ने जेब से लोडेड पिस्टल निकाली और परमजीत पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

बेटे ने भागकर बचाई जान, परमजीत ने भी भागने की कोशिश की

पिता पर गोलियां चलती देख परमजीत का बेटा शौर्य वहां से भागा और शोर मचाने लगा। परमजीत को बिल्डिंग के अंदर ही कई गोलियां लग चुकी थीं। इसके बावजूद उन्होंने जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागने की कोशिश की।

वह बिल्डिंग का गेट बंद करना चाहते थे, लेकिन गोली लगने के कारण ऐसा नहीं कर पाए। आरोपी उनके पीछे-पीछे आया और लगातार फायरिंग करता रहा।

घायल हालत में भी आरोपी को पकड़ने की कोशिश

CCTV फुटेज में परमजीत गोली लगने के बाद भी आरोपी मोनू शर्मा को पकड़ते और उससे हथियार छीनने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। इस दौरान दोनों जमीन पर गिर गए, लेकिन मोनू खुद को छुड़ाकर वहां से अलग हो गया।

इसके बाद परमजीत की बहन गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आई। वह खून से लथपथ अपने भाई को उठाने और बचाने की कोशिश करने लगी।

मैगजीन बदलकर दोबारा चलाई गोलियां

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने परमजीत की बहन के सामने ही पिस्टल की मैगजीन बदली और दोबारा फायरिंग की। परमजीत को घर के बाहर भी गोलियां मारी गईं।

इसके बाद आरोपी ने महिला को अपनी पत्नी समझकर कथित तौर पर कहा- ‘दिवाली मुबारक हो विधवा।’ फिर उसने चिल्लाते हुए कहा कि आज सबको मारकर जाएगा और मौके से फरार हो गया।

दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 67 कारतूस बरामद

हत्याकांड के आरोपी मोनू शर्मा को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर अब तक दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 67 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा 6 कारतूस वाली एक अन्य मैगजीन भी बरामद की गई है।

चार साल से चल रहा था दोनों परिवारों में विवाद

परमजीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और परिवार के साथ फरीदाबाद के सेक्टर-21C में रहते थे। वह सिंगापुर की एक कंपनी में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) के पद पर कार्यरत थे। आरोपी मोनू शर्मा इसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहता था, जबकि परमजीत का परिवार पहली मंजिल पर रहता था।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा था। बताया गया कि मोनू के जर्मन शेफर्ड कुत्ते को लेकर सबसे पहले कहासुनी शुरू हुई थी। आरोप है कि उसका नौकर परमजीत के घर के सामने कुत्ते को शौच कराता था। इसके बाद गाड़ी खड़ी करने और पार्किंग की जगह को लेकर भी कई बार विवाद हुआ।

हत्या से पहले चौकी में भी हुआ था विवाद

धनतेरस की सुबह परमजीत के बेटे शौर्य और मोनू के बीच पार्किंग का गेट तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान मोनू ने गाली-गलौज की। इसके बाद अनखीर चौकी में शिकायत दी गई थी।

परमजीत जिम से सीधे पुलिस चौकी पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, मोनू ने पूछताछ में बताया कि चौकी में परमजीत के साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसी विवाद के बाद उसने रात में हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस CCTV फुटेज, हथियारों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!