किश्तवाड़/जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। मारवाह के जंगलों में बुधवार शाम से लापता जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद हुए हैं। दोनों जवानों के शरीर गोलियों से छलनी मिले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनके पास मौजूद दोनों सर्विस राइफलें भी गायब हैं। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

मृतक जवानों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों SPO सेना के जवानों के साथ जंगल में सर्च ऑपरेशन के लिए गए थे। इसी दौरान वे लापता हो गए। बताया जा रहा है कि जिस समय दोनों के लापता होने की सूचना मिली, उसी दौरान जंगल की तरफ से फायरिंग की आवाजें भी सुनाई दी थीं।

60 और 50 राउंड वाली राइफलें भी गायब

जानकारी के अनुसार, दोनों जवानों के पास हथियार मौजूद थे। इनमें एक के पास 60 राउंड वाली INSAS राइफल और दूसरे के पास 50 राउंड वाली .303 राइफल थी। शव बरामद होने के बाद दोनों हथियार गायब मिले। इससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि जवानों की हत्या किसने की और उनके हथियार कहां गए।

SPO के लापता होने के दौरान एयरटेल नेटवर्क भी बाधित

घटना के समय मारवाह इलाके में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई है। गौरतलब है कि एयरटेल ने इसी साल 10 मार्च को मारवाह क्षेत्र में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि, नेटवर्क बाधित होने और जवानों के लापता होने के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अक्टूबर में भी SPO की हत्या का मामला आया था सामने

किश्तवाड़ में इससे पहले भी एक SPO की हत्या का मामला सामने आया था। 15 अक्टूबर को SPO बशीर अहमद त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे। अगले दिन उनका शव त्रिगाम के जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा हुआ मिला था। इस मामले में पुलिस ने 19 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

बारामूला के जंगल में दो हैंड ग्रेनेड बरामद, संदिग्ध गिरफ्तार

इसी बीच बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पुलिस ने सेना के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तंगमर्ग के बदरकोट जंगल से स्थानीय निवासी गुलाम जिलानी रेशी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दोनों हैंड ग्रेनेड मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुलगाम में CRPF के तीन जवानों पर हुआ था हमला

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात CRPF जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी।

इस हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए थे। उनकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

15 सेकेंड में करीब 30 राउंड फायरिंग का CCTV वीडियो

हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वायरल वीडियो में बाइक सवार हमलावर कुछ ही सेकेंड में लगातार गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि करीब 15 सेकेंड में 30 राउंड तक फायरिंग की गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंता

किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या, उनके हथियारों का गायब होना और कुलगाम में CRPF जवानों पर फायरिंग जैसी घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी मामलों की जांच में जुटी हैं। फिलहाल दोनों SPO की हत्या के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!