पंचकूला। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 7 IAS और 7 HCS अधिकारियों सहित कुल 14 अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में गुरुग्राम और पानीपत नगर निगम के कमिश्नरों को बदल दिया गया है। इसके अलावा गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) के CEO का भी तबादला किया गया है।
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, IAS फूल चंद मीणा को GMDA के CEO पद से हटाकर मानव संसाधन एवं सामान्य प्रशासन विभाग में कमिश्नर एवं सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रदीप दहिया को गुरुग्राम नगर निगम कमिश्नर के पद से हटाकर हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल महासंघ का मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया है। उन्हें राज्य लेखा परीक्षा विभाग के डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी दी गई है।
दुस्मंता कुमार बेहरा को GMDA की जिम्मेदारी
सरकार ने IAS अधिकारी दुस्मंता कुमार बेहरा को गुरुग्राम और फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी का CEO नियुक्त किया है। वहीं, मोहम्मद इमरान रजा को GMDA का एडिशनल CEO बनाया गया है।
गुरुग्राम और पानीपत के नगर निगम कमिश्नर बदले
प्रशासनिक फेरबदल के तहत IAS पंकज का पानीपत से तबादला कर उन्हें गुरुग्राम नगर निगम का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, अंकिता चौधरी को पानीपत नगर निगम कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ दोनों शहरों के नगर निगमों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है।
IAS शक्ति सिंह को खेल विभाग की जिम्मेदारी
IAS शक्ति सिंह को खेल विभाग का डायरेक्टर एवं स्पेशल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें मानव संसाधन विभाग के डायरेक्टर एवं स्पेशल सेक्रेटरी और सामान्य प्रशासन विभाग के स्पेशल सेक्रेटरी का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। इससे पहले वह हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल महासंघ के MD और राज्य लेखा परीक्षा विभाग के डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
CM नायब सैनी ने एक सप्ताह पहले दी थी ‘सुधर जाओ’ की चेतावनी
इस प्रशासनिक फेरबदल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अधिकारियों के प्रति सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, 4 नवंबर को गुरुग्राम में आयोजित ग्रीवेंस कमेटी की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इसके साथ उन्होंने प्रदेश के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए लिखा था- ‘सुधर जाओ’।
बैठक के दौरान एक नागरिक ने खराब सड़क को लेकर शिकायत की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने PWD के XEN को सबके सामने फटकार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने अधिकारी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मौके पर ही उनकी एक महीने की सैलरी काटने के निर्देश दिए थे।
गुरुग्राम के दो बड़े अधिकारियों पर गिरी गाज
मुख्यमंत्री की चेतावनी के करीब एक सप्ताह बाद जारी हुई तबादला सूची में गुरुग्राम के दो प्रमुख अधिकारियों GMDA के CEO फूल चंद मीणा और नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया के नाम शामिल हैं। ऐसे में इन तबादलों को प्रशासनिक जवाबदेही और अधिकारियों के कामकाज को लेकर सरकार की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
सरकार के इस फैसले से गुरुग्राम और पानीपत सहित कई विभागों की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव होगा। अब नए अधिकारियों के सामने शहरों की विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को बेहतर तरीके से संभालने की जिम्मेदारी होगी।
