झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले में आपसी रंजिश के चलते फार्महाउस मालिक के परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने फार्महाउस मालिक के भाई और उसके दोस्त पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने करीब 14 राउंड गोलियां चलाईं। हमले में दोनों के शरीर पर गोलियों के घाव के अलावा त्वचा छिलने के निशान भी मिले हैं। दोनों को बहादुरगढ़ के ब्रह्मशक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मामले में पुलिस ने एक महिला समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले फार्महाउस मालिक को रास्ते में घेरा
पुलिस को दी शिकायत में मांडौठी गांव निवासी बल्लू ने बताया कि 9 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे उसका बड़ा बेटा हरिओम फार्महाउस से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक वैन्यू कार ने उसकी गाड़ी के सामने आकर रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, कार में मुकेश उर्फ गुंगा, उसका बेटा साहिल, भोंदू और रोहित सवार थे। आरोप है कि चारों ने हरिओम को जान से मारने की धमकी दी। उनके पास हथियार भी थे। हालांकि, हरिओम किसी तरह वहां से बचकर निकलने में कामयाब रहा।
छोटे भाई को फोन कर दी हमले की जानकारी
हरिओम ने घर पहुंचने से पहले अपने छोटे भाई प्रदीप को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और सतर्क रहने को कहा। इसी बीच हमलावर प्रदीप की तलाश में पहुंचे, लेकिन वह उन्हें नहीं मिला।
आरोप है कि हमलावरों को जोगिंद्र उर्फ भोलू के घर के पास हरिओम का तीसरा भाई हरदीप अपने दोस्त जोगिंद्र के साथ बैठा मिला। इसके बाद आरोपियों ने दोनों को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
महिला समेत 7 लोगों पर फायरिंग का आरोप
शिकायत के मुताबिक, वारदात में मुकेश, उसका बेटा साहिल, उसकी पत्नी भतेरी, कृष्ण, भोंदू, रोहित उर्फ काला और सोनू शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर हरदीप और जोगिंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। दोनों ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार गोलियां चलाते रहे।
गोली लगने से दोनों जमीन पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पिता बल्लू मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को तुरंत बहादुरगढ़ के ब्रह्मशक्ति अस्पताल पहुंचाया।
छाती और हाथ में लगी गोली, डॉक्टरों ने बयान के लिए अनफिट बताया
चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार, जोगिंद्र की छाती के निचले हिस्से में गोली लगने का घाव मिला है। इसके अलावा उसकी ऊपरी बांह की हड्डी के निचले हिस्से में भी चोट दर्ज की गई है। वहीं हरदीप को भी दो फायरआर्म इंजरी आई हैं।
डॉक्टरों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बयान देने के लिए अनफिट घोषित किया है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटनास्थल से 14 खाली खोल और 3 जिंदा कारतूस बरामद
वारदात की सूचना मिलने के बाद मांडौठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मौके से 14 खाली कारतूस के खोल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में वारदात में चार तरह के हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने बल्लू की शिकायत के आधार पर मुकेश उर्फ गुंगा, साहिल, भतेरी, कृष्ण, भोंदू, रोहित उर्फ काला और सोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आसौदा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयभगवान ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें कार्रवाई कर रही हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

