गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार के साथ टोल कर्मचारियों द्वारा मारपीट किए जाने के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त कार्रवाई की है। NHAI ने टोल संचालन करने वाली कंपनी मेसर्स रिद्धि सिद्धि एसोसिएट्स पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही कंपनी को शो कॉज नोटिस जारी कर पूछा गया है कि उसे ब्लैकलिस्ट क्यों न कर दिया जाए।
इस घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया था। वीडियो में टोल कर्मचारी परिवार के दो पुरुषों और एक महिला के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कर्मचारियों ने टोल प्लाजा पर लगे लोहे के बूम बैरियर से भी परिवार के सदस्यों पर हमला किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
ब्लैकलिस्टेड FASTag को लेकर शुरू हुआ था विवाद
NHAI की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, यह घटना 5 नवंबर की है। विवाद की शुरुआत कार के ब्लैकलिस्टेड FASTag के जरिए टोल शुल्क भुगतान को लेकर हुई थी। इसी बात पर कार सवार परिवार और टोल कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बूम बैरियर उठाकर परिवार पर किए वार
सामने आए वीडियो में टोल कर्मचारी परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि कर्मचारियों ने लात-घूंसे मारने के साथ टोल बूथ पर लगे भारी बूम बैरियर से भी हमला किया। इस दौरान परिवार के सदस्य खुद को बचाने के लिए चिल्लाते रहे।
बताया गया कि परिवार की एक महिला भी बीच-बचाव करने के लिए बाहर आई, लेकिन इसके बावजूद मारपीट नहीं रुकी। घटना में परिवार के लोगों को चोटें आईं।
NHAI बोला- टोल कर्मचारियों को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं
NHAI के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि FASTag या टोल शुल्क को लेकर विवाद होने का मतलब यह नहीं है कि टोल कर्मचारी यात्रियों के साथ मारपीट कर सकते हैं। किसी भी कर्मचारी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
प्राधिकरण ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कंपनी के खिलाफ आगे की कार्रवाई अनुबंध की शर्तों के अनुसार की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में दिल्ली के कापसहेड़ा थाना पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम बिजवासन टोल प्लाजा पहुंची और वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
NHAI की कार्रवाई के बाद अब टोल संचालन करने वाली कंपनी पर ब्लैकलिस्ट होने का खतरा मंडरा रहा है। प्राधिकरण ने साफ संकेत दिए हैं कि राजमार्गों पर यात्रियों के साथ हिंसक व्यवहार करने वाली एजेंसियों को बख्शा नहीं जाएगा।


