रोहतक, 5 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि दीपावली के अवसर पर पटाखों की बिक्री के लिए रोहतक उपमंडल में सीआर पॉलिटेक्निक कॉलेज, रोहतक के मैदान को निर्धारित स्थल के रूप में चयनित किया गया है। इस संबंध में उपमंडल अधिकारी (नागरिक), रोहतक द्वारा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचित किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थल पर ही की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस विभाग, दमकल विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। पटाखों की बिक्री के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभाग यह भी सुनिश्चित करें कि निर्धारित स्थल पर सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध हों।

