सोनीपत। सोनीपत में यमुना पुल पर दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। यमुना नहर में स्नान करने के बाद मंदिर जा रही ओमपति को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार, टक्कर के बाद महिला ट्रक के नीचे आ गई और चालक उन्हें करीब 300 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना 4 नवंबर दोपहर करीब 3 बजे की है। सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

स्नान के बाद मंदिर जाने के लिए पुल पार कर रही थीं

दिल्ली के करावल नगर निवासी पूजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मां ओमपति (निवासी ओल्ड DC रोड, वार्ड नंबर 18, भगतपुरा, सोनीपत) 4 नवंबर को महिलाओं की मंडली के साथ बस में सवार होकर गढ़ गांव के घाट पर यमुना नहर में स्नान करने आई थीं।

स्नान के बाद वह नहर किनारे बने मंदिर में जाने के लिए यमुना पुल पार कर रही थीं। इसी दौरान हरियाणा की तरफ से ट्रक नंबर HR 38Y-1529 आया। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रक चला रहा था और उसने ओमपति को टक्कर मार दी।

ट्रक के नीचे आई महिला, 300 मीटर तक घसीटने का आरोप

जानकारी के अनुसार, बस से उतरने के बाद महिलाएं मंदिर की ओर जा रही थीं और ओमपति सबसे आगे चल रही थीं। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से वह नीचे आ गईं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ट्रक चालक उन्हें करीब 300 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो बेटियां थीं, एक की पहले हो चुकी मौत

परिजनों के मुताबिक, ओमपति की दो बेटियां थीं। करीब तीन साल पहले एक बेटी की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी बेटी पूजा शादीशुदा है। ओमपति घर में अकेली रहती थीं। हादसे की सूचना मिलने पर पूजा मौके पर पहुंचीं और पुलिस को शिकायत दी।

ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज, CCTV खंगाल रही पुलिस

बहालगढ़ थाना पुलिस के ASI जसमेर ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बेटी पूजा की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है। शव का 5 नवंबर को पोस्टमार्टम कराया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!