हरियाणा के हिसार में ट्रैफिक पुलिस चौकी के भीतर एक युवक द्वारा जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। युवक ने न केवल होमगार्ड्स के साथ मारपीट की, बल्कि चौकी में तोड़फोड़ करते हुए खिड़की का शीशा भी तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खुद को ‘असली जाट’ बताते हुए गालियां देता और धमकियां देता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम कैंप चौक की है। सरसौद गांव निवासी राजेश अपनी बहन के साथ कार में बैठा था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहन कार से उतरकर पास खड़े होमगार्ड्स प्रदीप और दीपक के पास पहुंची और शिकायत दी कि उसका भाई उससे मारपीट कर रहा है।
इसके बाद होमगार्ड्स युवक को पकड़कर ट्रैफिक चौकी में ले आए, जहां वह भड़क गया। आरोप है कि उसने होमगार्ड्स के साथ हाथापाई की, उनकी वर्दी फाड़ दी और चौकी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान उसने खिड़की का शीशा तोड़ दिया, जिससे वह खुद भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक को काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया। होमगार्ड दीपक की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 221, 121(2), 285 और 351 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवक गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है और गुरुवार को ही हिसार आया था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बहन के साथ शॉपिंग को लेकर हुए विवाद के बाद मामला बढ़ा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
